झरिया में दस घरों की दीवार और जमीन में पड़ीं दरारें, दहशत का माहौल विधायक रागिनी और मेयर संजीव ने किया दौरा

Advertisements

 

झरिया में दस घरों की दीवार और जमीन में पड़ीं दरारें, दहशत का माहौल

विधायक रागिनी और मेयर संजीव ने किया दौरा

 

डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): धनबाद-सिंदरी मुख्य मार्ग पर झरिया थाना क्षेत्र के चौथाई कुल्ही स्थित धर्मनगर में बुधवार को अचानक घरों और जमीन में दरार पड़ने की घटना से इलाके में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया।
जानमाल की सुरक्षा को लेकर लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल गए। घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। प्रभावितों ने बताया कि अचानक घर की दीवारों में दरारें पड़ने लगी। देखते ही देखते दरार का दायरा बढ़ने लगा। लोग सामान लेकर बाहर निकल आए। प्रभावित लोग सुरक्षित स्थान पर जाने की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह इलाका पहले से ही भू-धंसान प्रभावित रहा है। इस तरह की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।


घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है।  स्थानीय लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द इलाके का निरीक्षण कर उचित कदम उठाए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

विधायक, मेयर सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही मेयर संजीव सिंह, विधायक रागिनी सिंह, झरिया सीओ एवं बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और हालात की जानकारी ली। मौके पर पीड़ित परिवारों में प्रशासन और प्रबंधन के प्रति नाराजगी भी देखी गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में करीब 10 घर प्रभावित हुए हैं, जिससे कई परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।
सुरक्षित जगह बसाने पर जोर

निरीक्षण के दौरान मेयर संजीव सिंह और विधायक रागिनी सिंह ने बीसीसीएल अधिकारियों के साथ वार्ता कर प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर बसाने की मांग की। अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया कि प्रभावित परिवारों को बेलगढ़िया में अस्थायी रूप से शिफ्ट किया जाएगा।

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि यह क्षेत्र पूर्व में खनन क्षेत्र रहा है और यहां के लोग करीब 50 वर्षों से निवास कर रहे हैं। पुराने खनन क्षेत्र की खोखली जमीन के कारण इस प्रकार की स्थिति दोबारा उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है और प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर भेजा जा रहा है।

वहीं विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि बरसात से पहले ही बीसीसीएल को खतरनाक क्षेत्र में रह रहे परिवारों की पहचान कर उन्हें चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित स्थान पर बसाने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में कोई बड़ी घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी बीसीसीएल और जिला प्रशासन की होगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top