झरिया में 12 अप्रैल हो होगा विराट हिन्दू सम्मेलन
जियो और जीने दो के मंत्र के साथ समाज को एकजुट करने का आह्वान
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : झरिया के लाल बाजार स्थित श्री श्याम मंदिर परिसर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान आगामी 12 अप्रैल को होने वाले ‘विराट हिन्दू सम्मेलन’ की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई। आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य न केवल हिन्दू समाज को वैचारिक रूप से एकजुट करना है, बल्कि सेवा और स्वावलंबन के माध्यम से भारत को पुनः ‘विश्व गुरु’ के पद पर आसीन करने की दिशा में ठोस पहल करना भी है।
प्रेस वार्ता में सम्मेलन का मूल मंत्र “जियो और जीने दो” बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह सनातन परंपरा का प्राचीन सिद्धांत है, जिसे आधुनिक संदर्भ में समाज के बीच स्थापित करने की आवश्यकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक संगठित, सशक्त और आत्मनिर्भर हिन्दू समाज ही विश्व में सकारात्मक बदलाव का आधार बन सकता है। जब समाज मजबूत होगा, तभी वह अन्य समुदायों को भी अधिकार, सम्मान और स्वावलंबन दिलाने में सक्षम होगा।
आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन के माध्यम से लोगों को अपनी गौरवशाली परंपराओं और पूर्वजों के आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विशेष रूप से युवाओं को अपनी संस्कृति, मूल्यों और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा, ताकि भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास हो सके।
कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने के लिए विस्तृत कार्यक्रम सूची तैयार की गई है। इसके तहत प्रातः 08:00 बजे झरिया नगर भ्रमण के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके पश्चात 9 बजे देशभक्ति और भक्ति रस से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद मुख्य उद्बोधन सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रबुद्ध वक्ताओं का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। इस विशाल आयोजन में मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिवाजी क्रांति उपस्थित रहेंगे। उनका संबोधन समाज को संगठित करने और नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर केंद्रित होगा। प्रेस वार्ता के दौरान राजकुमार अग्रवाल, ललित अग्रवाल, देवकीनंदन पांडे, भगवान दास केसरी, सरस्वती सेन, राम श्रेष्ठ झा, अखिलानंद देव, दयानंद शर्मा, अनूप लील्हा, झुन्नु गुप्ता और संतोष सोनी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।