



झरिया कोयलांचल में धूमधाम से मना रामनवमी, अखाड़ों के करतब और जय श्रीराम के नारों से गूंजा क्षेत्र
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : झरिया कोयलांचल में शुक्रवार को रामनवमी के अवसर पर पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ भगवान राम और बजरंगबली की पूजा-अर्चना की गई। घर-घर में महावीरी झंडे लगाए गए, वहीं कई श्रद्धालुओं ने नवरात्रि व्रत के समापन पर हवन-पूजन किया।
झरिया के दर्जनों अखाड़ों द्वारा भव्य जुलूस निकाले गए, जिसमें शामिल युवाओं ने “जय श्रीराम” के नारों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों का मन मोह लिया। महाराणा प्रताप दल, लवकुश दल, नरसिंह दल सहित कई अखाड़ा समितियों ने श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पेयजल और शर्बत की व्यवस्था की।
पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। विभिन्न स्थानों पर प्रशासनिक टीम की तैनाती रही। इस बार आयोजन समितियों के सदस्यों ने भी सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
लोदना, भौरा, तीसरा, सुदामडीह, अलकडीहा, सुरुंगा, भागा सहित कई क्षेत्रों में रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



