झरिया की सड़कों  की मरम्मत में आगे आईं साक्षी सिंह, दुर्गा पूजा में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित

Advertisements

झरिया की सड़कों  की मरम्मत में आगे आईं साक्षी सिंह, दुर्गा पूजा में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद): दुर्गा पूजा के मद्देनज़र झरिया में सड़क सुधार को लेकर एक विशेष पहल की शुरुआत झरिया विधायक रागिनी सिंह के निर्देशानुसार शुक्रवार को शुरू कर दी गई है। विधायक की बड़ी बेटी सताक्षी उर्फ साक्षी सिंह की देखरेख में शहर में जर्जर सड़कों और गड्ढों की भराई का काम शुरू किया गया। इस अभियान में उन्होंने धर्मशाला रोड, बाटा मोड़ और चार नंबर शौचालय के पास विशेष रूप से गड्ढों की मरम्मत पर ध्यान दिया।

स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत किया और इसे विधायक की झरिया वासियों के लिए उनकी संवेदनशीलता और  सकारात्मक कदम बताया। उनका कहना है कि सड़कों की यह मरम्मत न केवल दुर्गा पूजा के दौरान आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि सड़क सुरक्षा को भी सुनिश्चित करेगी।

मीडिया से बातचीत में साक्षी सिंह ने कहा कि यह प्रयास केवल त्योहारों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका उद्देश्य झरिया के सभी कमजोर और जर्जर सड़क हिस्सों का सुधार करना है, ताकि लंबे समय तक नागरिकों को सुरक्षित और सुगम परिवहन की सुविधा मिल सके।

साक्षी सिंह ने यह भी बताया कि इस काम के लिए स्थानीय प्रशासन और नागरिकों का सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सड़क सुधार के दौरान सहयोग करें और अपने आसपास की सड़कों की स्थिति पर ध्यान दें।
इस पहल से झरिया में नागरिकों और श्रद्धालुओं के बीच खुशी का माहौल बना है। स्थानीय लोग उम्मीद जता रहे हैं कि यह कदम आने वाले वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और क्षेत्र की यातायात स्थिति को बेहतर बनाने में मददगार साबित होगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top