




जेटेट परीक्षा को लेकर छात्रों का उग्र विरोध, मुख्यमंत्री का किया पुतला दहन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड में जेटेट (JTET) परीक्षा आयोजित नहीं होने और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गिरिडीह जिले के मुख्य मार्ग पर संगठन के कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
यह विरोध प्रदर्शन अखिल झारखंड छात्र संघ के गिरिडीह जिला आजसू सचिव अक्षय यादव के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार और प्रशासन छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्य की राजधानी में छात्र संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो पर लाठीचार्ज किया गया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
अक्षय यादव ने कहा कि झारखंड में पिछले 10 वर्षों से जेटेट परीक्षा का नियमित आयोजन नहीं किया गया है। वर्ष 2016 के बाद से अब तक कोई परीक्षा नहीं हुई है, जिससे लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में करीब 3.5 लाख छात्रों से आवेदन भरवाए गए थे, लेकिन बाद में नियमावली रद्द होने के कारण आवेदन भी निरस्त कर दिए गए, जिससे अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है।
उन्होंने यह भी कहा कि अभ्यर्थी लंबे समय से 31 मार्च 2026 तक जेटेट परीक्षा आयोजित कराने की मांग कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा के सिलेबस और प्रश्नों का स्तर भी अत्यधिक कठिन रखा गया है। इसके अलावा जेटेट में मुंडारी भाषा को शामिल नहीं किए जाने को लेकर भी विरोध जताया जा रहा है।
छात्र नेताओं का कहना है कि इस मामले में उच्च न्यायालय द्वारा 31 मार्च 2026 तक परीक्षा आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे छात्रों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारी छात्र नेता एवं केंद्रीय सचिव संतोष कुमार यादव, संदीप कुमार, दिवाकर कुमार, सुभाष कुमार, चंदन मंडल, दिलीप पोखरन यादव, सौरव और विवेक समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।



