जीवन संस्था ने मनाया विश्व पार्किंसंस जागरूकता दिवस, दिव्यांगजनों को बांटे प्रमाणपत्र
डीजे न्यूज,
तिसरा, धनबाद : बस्ताकोला गौशाला स्थित जीवन दिव्यांगजन विशेष विद्यालय सह शिक्षक प्रशिक्षण संस्था परिसर में शनिवार को विश्व पार्किंसंस जागरूकता दिवस मनाया गया। उक्त कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर अनाथ बौद्धिक दिव्यांगजन बच्चों ने किया।
इस अवसर पर व्याख्याता विशेष शिक्षा ए.के. सिंह ने उपस्थित दिव्यांगजन, उनके अभिभावक तथा प्रशिक्षणरत विशेष शिक्षकों को बताया कि पार्किंसंस एक तंत्रिका तंत्र से जुड़ी बीमारी है, जो मुख्य रूप से शारीरिक मूवमेंट (चलने-फिरने) को प्रभावित करती है। यह बीमारी धीरे-धीरे बढ़ती है और अधिकतर बढ़ती उम्र में देखी जाती है।
उन्होंने बताया कि इसके मुख्य लक्षण धीमी गति से चलना, मांसपेशियों में जकड़न, संतुलन में समस्या, बोलने और लिखने में बदलाव हैं। इसका मुख्य कारण बढ़ती उम्र और आनुवांशिक तथा पर्यावरणीय कारक हैं। पार्किंसंस का पूर्णतः इलाज नहीं है, परन्तु कुछ दवाइयां, फिजियोथेरेपी और नियमित व्यायाम से काफी हद तक सुधार किया जा सकता है।
इस अवसर पर दिव्यांगजनों के बीच दिव्यांगता प्रमाणपत्र और रेल पास का भी वितरण किया गया।
समारोह में सुनीता कुमारी, निकिता कुमारी, वीरचंद साहू, छोटू कुमार, शिवानी कुमारी, सुमन कुमारी व अन्य तथा विशेष शिक्षकों में अमन अहमद, प्रियंका रानी, कीमती कुमारी, अमृता कुमारी और अभिभावकों में अंकित कुमार, राजू कुमार, रीना कुमारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन दिव्यांगजन सदस्य अनिल नोनिया ने किया।