जीनागोरा लोडिंग विवाद : जनता मजदूर संघ के विरोध के बीच पुलिस ने ट्रकों को कराया प्रवेश, तनाव बरकरार

Advertisements

जीनागोरा लोडिंग विवाद : जनता मजदूर संघ के विरोध के बीच पुलिस ने ट्रकों को कराया प्रवेश, तनाव बरकरार

डीजे न्यूज, तिसरा, धनबाद : कुजामा चेक पोस्ट पर चल रहे विरोध के बीच पुलिस प्रशासन ने दो ट्रकों को जीनागोरा लोडिंग पॉइंट के लिए भेज दिया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि प्रशासन की तत्परता से संभावित बड़े टकराव को टाल दिया गया।

बताया जाता है कि पिछले कई दिनों से जनता मजदूर संघ के नेतृत्व में ट्रकों को चेक पोस्ट के पास रोककर धरना दिया जा रहा था। संगठन की मांग है कि स्थानीय विस्थापित लोगों को रोजगार दिया जाए।

इस मुद्दे को लेकर पुलिस प्रशासन, संगठन और प्रबंधन के बीच तीसरा थाना में वार्ता हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया। वार्ता विफल होने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आंदोलनकारियों को हटाया और ट्रकों को लोडिंग के लिए अंदर भेज दिया। इस दौरान आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली, वहीं कुछ लोग ट्रकों के सामने बैठकर विरोध जताने लगे।

जनता मजदूर संघ के शाखा सचिव प्रीतम रवानी ने कहा कि पुलिस की यह कार्रवाई उचित नहीं है और जब तक स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर महामंत्री से बातचीत कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

इधर, जीनागोरा लोडिंग पॉइंट पर पहले से कार्यरत मजदूरों का एक अन्य गुट भी सक्रिय हो गया था, जो लोडिंग कार्य शुरू करने के पक्ष में था। दोनों गुटों के आमने-सामने आने की संभावना के चलते क्षेत्र में गंभीर संघर्ष की आशंका बनी हुई थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोडिंग कार्य शुरू करवाया, जिससे संभावित टकराव टल गया। फिलहाल दोनों पक्ष अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं और क्षेत्र में तनाव का माहौल कायम है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top