
जीजा-साली के प्रेम में रोड़ा बना पति, साजिश रचकर करवाया जानलेवा हमला
डीजे न्यूज, धनबाद : जीजा-साली के प्रेम संबंध में रोड़ा बने पति पर जानलेवा हमला करवाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना गुरुवार देर रात धनबाद जिले की है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी (जीजा) के साथ मिलकर पति को अपने मायके बुलाकर चाकू से हमला करवा दिया। गंभीर रूप से घायल पति को शुक्रवार को बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक होने के कारण उसे रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
पत्नी के प्रेम संबंध का किया विरोध, तो मिली जान से मारने की धमकी
अस्पताल में भर्ती 38 वर्षीय अजय पंडित ने बताया कि उनकी पत्नी का पिछले कुछ वर्षों से अपने जीजा रोहित पंडित से प्रेम संबंध चल रहा था। जब भी उन्होंने इसका विरोध किया, पत्नी झगड़ने लगती और जान से मारने की धमकी देती थी। पीड़ित ने बताया कि दो महीने से उनकी पत्नी मायके में रह रही थी, इसी दौरान उसने साजिश रचकर हमला करवाया।
मायके बुलाकर रची साजिश, रात में जीजा ने किया हमला
अजय पंडित ने बताया कि कुछ दिन पहले पत्नी ने मायके बुलाया। गुरुवार को जब वे ससुराल पहुंचे, तो खाना खाने के बाद सोने चले गए। रात करीब एक बजे उनके बड़े साढ़ू रोहित पंडित ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे पहले भी घर लौटते वक्त उन पर हमला हुआ था, लेकिन वे बच गए थे।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पति की शिकायत के आधार पर पत्नी और उसके जीजा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।