जातिसूचक टिप्पणी पर कार्तिक हाड़ी ने जताई नाराजगी, उच्च अधिकारियों से शिकायत की चेतावनी
डीजे न्यूज, धनबाद : भूली ओपी प्रभारी और उनके निजी चालक पर झामुमो बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सह समाजसेवी राजू प्रसाद हाड़ी के साथ कथित दुर्व्यवहार एवं जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने के आरोप का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस नेता सह हाड़ी जाति समाज सुधार समिति के कार्यकारी अध्यक्ष कार्तिक हाड़ी ने मामले को गंभीर बताते हुए राजू प्रसाद हाड़ी के समर्थन में आवाज उठाई है।
कार्तिक हाड़ी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राजू प्रसाद हाड़ी समाज के सम्मानित व्यक्ति हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार का अपमानजनक व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दो वाहनों के बीच टक्कर के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया था। इसके बावजूद भूली पुलिस दोनों वाहनों को जब्त कर ओपी ले गई।
उन्होंने कहा कि इसी मामले में राजू प्रसाद हाड़ी ओपी प्रभारी से आग्रह करने पहुंचे थे कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो चुका है। आरोप है कि इस दौरान ओपी प्रभारी के निजी चालक ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उन्हें अपमानित किया।
कार्तिक हाड़ी ने डीजीपी के अगस्त 2025 में जारी आदेश का हवाला देते हुए कहा कि राज्य के किसी भी थाना या ओपी में निजी चालक अथवा निजी मुंशी रखने की व्यवस्था नहीं होनी चाहिए। इसके बावजूद भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर द्वारा निजी चालक रखे जाने के आरोप पर उन्होंने सवाल उठाया।
उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है। संबंधित मामले में भूली ओपी प्रभारी और उनके निजी चालक के खिलाफ वरीय पुलिस अधिकारियों से लेकर डीजीपी स्तर तक शिकायत की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय का भी दरवाजा खटखटाया जाएगा। कार्तिक हाड़ी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को जातिसूचक टिप्पणी कर अपमानित करने का अधिकार नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।