
जानलेवा हमला करने से जुड़े मामले के एक आरोपी गिरफ्तार
डीजे न्यूज, निरसा (धनबाद):
बीते दिनों निरसा थाना अंतर्गत पीठाकियारी गांव निवासी सागर मल्लाह पर हुए जानलेवा हमला मामले के आरोपी सुजीत रविदास (पीठाकियारी) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी शुक्रवार को निरसा थाना के पुलिस निरीक्षक सह थानेदार ने पत्रकारों को दी। उन्होंने कहा कि 3 जून की रात करीब दो बजे खून से लथपथ सागर को उनके परिजनों द्वारा थाना लाया गया था। परिजनों ने पीठाकियारी के ही रहने वाले उनके पड़ोसी सुजीत रविदास द्वारा सागर मल्लाह को अन्य साथियों के साथ मिलकर गोली मारने की जानकारी दी गई। गोली सागर मल्लाह के दाहिने पैर में घुटना से उपर लगी थी और काफी खुन बह रहा था। निरसा थाना द्वारा तत्काल जख्मी सागर को अपनी गाड़ी से इलाज हेतु निरसा सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से बेहतर इलाज हेतु एस०एन०एम०एम०सी०एच०, सरायढेला, धनबाद ले जाया गया। सागर मल्लाह की स्थिति गंभीर थी और वे तत्काल अपना बयान देने की स्थिति में नही थे। इस कारण उनके पिता के द्वारा दिये गये लिखित आवेदन के आधार पर निरसा थाना में प्राथमिकी अभियुक्त सुजीत रविदास, राज रविदास, राम रविदास एवं राहुल रविदास के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के आदेशानुसार पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारी, निरसा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
उन्होंने कहा कि 05 जून को जख्मी सागर के पैर का ऑपरेशन कर उसमें फंसी हुई गोली चिकित्सकों द्वारा निकाली गई। उसके पश्चात चिकित्सकों के परामर्श से अनुसंधानक ने पीड़ित का बयान लिया, जिसमें उन्होंने प्राथमिकी के नामजद अभियुक्त सुजीत रविदास को गोली मारते हुए अपने आंखों से देखने की बात बतलायी गई है।
टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी :
पु०अ०नि० प्रवीण सिंह चौधरी, निरसा थाना।
पु०अ०नि० सुमन कुमार कंठ, निरसा थाना।