
जंगल में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी, सीमा विवाद के कारण घंटों पड़ा रहा शव
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद) :
महुदा थाना क्षेत्र के 4 लेन स्थित तारगा के पास निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के पीछे जंगल में गुरुवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल ग ई। शव की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट ग ई।
घटना की सूचना महुदा, मधुबन व धर्माबांध थाना को दी गई, लेकिन सीमा विवाद के चलते पुलिस के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही। कोई भी थाना शुरुआत में शव उठाने को तैयार नहीं हुआ। करीब तीन घंटे तक शव मौके पर ही पड़ा रहा। बाद में आपसी सहमति के आधार पर महुदा थाना ने विवादित क्षेत्र को अपनी सीमा मानते हुए शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है। अभी तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है।
शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पुलिस आसपास के इलाके में लोगों से पूछताछ भी कर रही है ताकि महिला की शिनाख्त की जा सके। घटना के बाद शव को घंटों तक पड़े रहने देने पर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि थाना सीमा विवाद के कारण यदि किसी अपराध के सबूत मिटा दिए जाते हैं या जांच में देरी होती है तो इसका खामियाजा पीड़ितों को भुगतना पड़ता है।
महुदा थाना प्रभारी ने दूरभाष पर बताया कि शव की पहचान की कोशिश की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।