
जामताड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन: देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
डीजे न्यूज, जामताड़ा : जामताड़ा पुलिस ने करमाटाड़ रोड स्थित सर्खेलडीह गांव में संचालित देह व्यापार के गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, काफी समय से सूचना मिल रही थी कि सर्खेलडीह और आसपास के इलाकों में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। रविवार को पुख्ता सूचना के बाद एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें महिला व पुरुष पुलिसकर्मी शामिल थे। एक सिपाही को फर्जी ग्राहक बनाकर भेजा गया, जिसने 1200 रुपये में सौदेबाजी की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने मकान को चारों ओर से घेर कर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर के एक कमरे से युवक और युवती को आपत्तिजनक अवस्था में पकड़ा। पूछताछ में युवक ने अपना नाम तैयब अंसारी (पिता- सिराजुद्दीन अंसारी, निवासी डुमरिया) और युवती ने अपना नाम सोनम बीबी (पति- स्व. गुड्डु शेख, निवासी नामुपाड़ा, जामताड़ा) बताया। वहीं, मकान मालकिन रेखा वर्मन (पति- स्व. भरत प्रसाद वर्मन) ने स्वीकार किया कि वह कमीशन पर लड़के-लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार करवाती थी।तीनों आरोपियों के खिलाफ 3/4/5 अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी राजेश मंडल ने बताया कि यह गोरखधंधा पिछले चार-पांच वर्षों से गुपचुप तरीके से चल रहा था। पहले रात के समय यह गतिविधियां होती थीं, लेकिन अब दिन के उजाले में भी इस धंधे को अंजाम दिया जा रहा था। उन्होंने कहा कि पुलिस अब उन सफेदपोशों पर भी नजर रख रही है, जो पर्दे के पीछे से इस अवैध धंधे को संरक्षण दे रहे हैं।
थाना प्रभारी ने सख्त लहजे में कहा, “समाज को प्रदूषित करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।”