जामताड़ा नगर निकाय चुनाव : अध्यक्ष पद के लिए लवली दुबे का ऐलान, जेएलकेएम ने किया समर्थन

Advertisements

जामताड़ा नगर निकाय चुनाव : अध्यक्ष पद के लिए लवली दुबे का ऐलान, जेएलकेएम ने किया समर्थन

डीजे न्यूज, जामताड़ा : जामताड़ा नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नगर पंचायत क्षेत्र के पाण्डेडीह में रविवार को आयोजित बैठक में लवली दुबे ने अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने का ऐलान किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने लवली दुबे के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। बैठक में जेएलकेएम के जिला अध्यक्ष मंतोष कुमार महतो ने भी लवली दुबे को समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव इस बार सिंबल के आधार पर नहीं होगा, इसलिए जनता को एक बेहतर और मजबूत प्रत्याशी का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व अध्यक्षों के कार्यकाल में हर वार्ड में जिस तरह का विकास होना चाहिए था, वह नहीं हो पाया है। परिवर्तन संसार का नियम है और इस बार नगर की जनता बदलाव के मूड में है। लवली दुबे ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वे अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने जा रही हैं और इसमें सभी का सहयोग और समर्थन जरूरी है। उन्होंने कहा मैं यहां उम्मीदवार बनकर नहीं, बल्कि आपके परिवार के सदस्य बनकर आई हूं। यह कुर्सी का चुनाव नहीं, बल्कि नगर के भविष्य का चुनाव है। नगर में विकास की जो कमी रह गई है, उसे पूरा करना मेरी प्राथमिकता होगी। उन्होंने आगे कहा कि नगर निकाय चुनाव में महिला आरक्षण से महिलाओं में भारी उम्मीद जगी है और इस बार महिलाएं बढ़-चढ़कर राजनीति में अपनी भागीदारी निभाएंगी। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में लवली दुबे को समर्थन देने का संकल्प लिया और नगर के विकास के लिए उन्हें अध्यक्ष बनाने की अपील की। बैठक में नगर के कई गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी उपस्थित रहीं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top