
जामताड़ा में ऑपरेशन सिंदूर की गूंज के साथ गली-गली लहराएगा तिरंगा
पहलगाम हमला भारत को अस्थिर करने की साजिश थी, लेकिन भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों के ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया : संजीव अग्रवाल
भाजपा 10 से 15 अगस्त तक निकालेगी तिरंगा यात्रा, स्वच्छता अभियान और विजय दिवस समारोह का होगा आयोजन
डीजे न्यूज, जामताड़ा : स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर केंद्र सरकार के निर्देशानुसार 10 अगस्त से 15 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष सुमित शरण की अध्यक्षता में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्वतंत्रता दिवस को इस बार विजय दिवस के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया।
जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए गर्व का अवसर है। इस वर्ष यह और भी खास है क्योंकि पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दृढ़ नेतृत्व में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंकियों को करारा जवाब दिया। इसी कारण इस बार हर गली, हर चौराहे पर तिरंगा फहराया जाएगा। वहीं
मुख्य अतिथि भाजपा नेता संजीव अग्रवाल ने कहा कि पहलगाम में आतंकियों द्वारा सैलानियों को निशाना बनाना भारत को अस्थिर करने की सोची-समझी साजिश थी, लेकिन भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों के ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया। इस सफलता को ही भाजपा विजय दिवस के रूप में मना रही है।
उन्होंने बताया कि 10 से 14 अगस्त तक प्रत्येक मंडल में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। 13 से 15 अगस्त तक सभी घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने का अभियान चलेगा। 12 से 14 अगस्त के बीच स्वतंत्रता संग्राम व युद्ध स्मारकों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस और संगोष्ठी का आयोजन होगा।
जिला प्रभारी निवास मंडल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद जिस प्रकार पूरे जिले में तिरंगा यात्रा निकाली गई थी, वैसे ही इस बार भी हर कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में घर-घर तिरंगा फहराएंगे।
भाजपा नेता माधव महतो ने बताया कि इस वर्ष की तिरंगा यात्रा खास होगी क्योंकि यह देश की शौर्यगाथा ऑपरेशन सिंदूर के संदेश के साथ घर-घर पहुंचेगी। कार्यक्रम के अंत में पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। संचालन जिला महामंत्री मितेश शाह ने किया और धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम प्रभारी रंजीत तिवारी ने दिया। मौके पर भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल, भाजपा नेता विनोद मंडल, पूर्व जिलाध्यक्ष संतन मिश्रा, जिला मंत्री मोहन शर्मा, सुजाता सिंह, जिला उपाध्यक्ष राम सिंह यादव, महेंद्र मंडल, मीडिया प्रभारी आभा आर्या, सह प्रभारी प्रदीप राउत, कार्यालय मंत्री प्रवीण मिश्रा, अब्दुर रकीब अंसारी, सूरज झा, मंडल अध्यक्ष दीपक सिन्हा, ओमप्रकाश यादव, लोकेश महतो, ठाकुर मनी सिंह, द्वारिका सिंह, मंगल सोरेन, अंजनी तिवारी, चंदन राउत, निमाई सेन, परिचय मंडल, अमित सिंह समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।