

जामताड़ा में भाजयुमो ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में सराबोर हुआ शहर

डीजे न्यूज, जामताड़ा : हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज जामताड़ा जिला मुख्यालय में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह के नेतृत्व और जिलाध्यक्ष सुमित शरण के मार्गदर्शन में निकली इस यात्रा ने पूरे नगर को देशभक्ति और राष्ट्र गर्व की भावना से भर दिया।
यात्रा गांधी मैदान से शुरू होकर मुख्य बाजार मार्ग होते हुए सुभाष चौक तक निकाली गई। इसमें नगर के प्रबुद्ध नागरिक, देशभक्त युवा और भाजयुमो कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। हाथों में लहराते तिरंगे, गूंजते देशभक्ति के नारे और उत्साह से भरे चेहरों ने माहौल को जोश और गौरव से भर दिया। नगर के कोने-कोने में यात्रा का स्वागत किया गया, जिससे पूरा जामताड़ा तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि
जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने बताया कि भाजपा हर साल स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान चलाती है। इस बार भी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम पूरे जोश के साथ आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कल जिले के सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं की सफाई कर माल्यार्पण किया गया और जिले के सभी 14 मंडलों में तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। आज की यात्रा उसी श्रृंखला का हिस्सा थी। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों से अपील की कि 15 अगस्त को हर घर पर तिरंगा फहराएं और नगरवासियों में तिरंगे भी वितरित किए गए।
जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह ने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में घुसकर उसे करारा जवाब दिया, उसी जज्बे को आज की तिरंगा यात्रा में प्रदर्शित किया गया।
तिरंगा यात्रा में भाजपा और भाजयुमो के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें महामंत्री मितेश शाह, भाजपा नेता हरिमोहन मिश्रा, सुनील हांसदा, राजेंद्र राउत, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, जिला मंत्री मोहन शर्मा, सुजाता सिंह, जिला सह मीडिया प्रभारी प्रदीप राउत, कार्यालय मंत्री प्रवीण मिश्रा, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष अब्दुर रकीब अंसारी, पिंटू गुप्ता, चंदन राउत, अरिजीत मिश्रा, निमाई सेन, रमेश राउत, सुप्रकाश चौधरी, अनिकेत शर्मा, आकाश साव, राहुल दास, जीतेन्द्र दुबे, अनूप दास समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।
यात्रा का नगरवासियों ने खुले दिल से स्वागत किया। जगह-जगह पुष्प वर्षा, तिरंगे और देशभक्ति गीतों के साथ माहौल रोमांचक और गर्व से भर गया। जामताड़ा का हर कोना आज तिरंगे के रंग में चमक रहा था।
