



जामताड़ा में अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती, टास्क फोर्स बैठक में छापेमारी के निर्देश
डीजे न्यूज, जामताड़ा : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय प्रकोष्ठ में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में हो रहे अवैध खनन, खनिज परिवहन और अवैध व्यापार की रोकथाम को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने अवैध कोयला खनन एवं परिवहन के विरुद्ध नियमित जांच अभियान चलाने, वैध खनन पट्टों का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित कराने और क्रशर संचालन की निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
उपायुक्त ने जिले में अवैध बालू उत्खनन और बाइक से कोयला चोरी की मिल रही शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए पुलिस बल के साथ औचक छापेमारी कर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने अवैध उत्खनन में लगे वाहनों को जब्त करने और दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की बात कही।
बैठक में नाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ईसीएल पांडेश्वर एरिया की बंद पड़ी खदानों में अवैध खनन से बने गड्ढों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन गड्ढों की भराई कर उन्हें स्थायी रूप से बंद करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। साथ ही इस मामले में लापरवाही बरतने और बैठक में अनुपस्थित रहने को लेकर पांडेश्वर क्षेत्र के जीएम पर नाराजगी जताई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को टीम बनाकर क्षेत्र का निरीक्षण करने तथा अवैध खनन के मामलों में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के साथ-साथ संबंधित जीएम को भी पक्षकार बनाने का निर्देश दिया।
इसके अलावा ईसीएल चितरा प्रबंधन द्वारा कोयला परिवहन मार्गों पर गश्त और अन्य निर्देशों के अनुपालन में शिथिलता पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने नियमों के उल्लंघन, कोयला चोरी और अन्य अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए डायरेक्टर टेक्निकल को पत्राचार कर जांच कराने का निर्देश दिया।
नारायणपुर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से कोयला, बालू और पत्थर के परिवहन पर भी सख्ती बरतने को कहा गया। बजराघाट क्षेत्र में नाव के माध्यम से हो रहे अवैध कोयला उत्खनन के मामलों में पुलिस बल के साथ छापेमारी कर नावों को जब्त करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में एक अप्रैल से 12 मार्च तक अवैध खनिज परिवहन से जुड़े 87 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 111 वाहनों को जब्त किया गया, 20 प्राथमिकी दर्ज की गई और 23 लाख 72 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, एसडीपीओ नाला मनोज कुमार महतो, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सलकर, नारायणपुर व करमाटांड़ के अंचल अधिकारी, ईसीएल पांडेश्वर एवं चितरा के प्रतिनिधि, सीआईएसएफ के अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



