जामताड़ा में 65 फीट ऊंचा पंडाल बनेगा आकर्षण का केंद्र, गणेश महोत्सव की तैयारियां जोरों पर

Advertisements

जामताड़ा में 65 फीट ऊंचा पंडाल बनेगा आकर्षण का केंद्र, गणेश महोत्सव की तैयारियां जोरों पर

डीजे न्यूज, जामताड़ा : जामताड़ा गांधी मैदान में आयोजित होने वाले 22वें गणेश महोत्सव की तैयारियां इस समय पूरे जोरों पर हैं। इस बार गणेश पूजा आयोजन समिति 65 फीट ऊंचा भव्य पंडाल बना रही है, जो अब तक जिले के इतिहास का सबसे बड़ा पूजा पंडाल होगा।

गणेश पूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष मुक्ताराम दत्ता ने बताया कि इस वर्ष पंडाल को “माटीर घरे गणराज” थीम पर तैयार किया जा रहा है, जो पूरे झारखंड में पहली बार जामताड़ा में बनाया जा रहा है। पंडाल निर्माण का कार्य बंगाल के प्रसिद्ध कारीगर दीप चटर्जी और उनकी टीम कर रही है। पूजा के अवसर पर इस बार भी 10 दिवसीय मेला आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं। जामताड़ा का गणेश महोत्सव जिले का सबसे चर्चित मेला माना जाता है और हर साल यहां हजारों लोग शामिल होते हैं। पूजा समिति ने इस बार विशेष आकर्षण के तौर पर बंगाल से लाई गई रंग-बिरंगी लाइटिंग की व्यवस्था की है। बिजली सज्जा का कार्य अनुभवी इलेक्ट्रिशियन कर रहे हैं, जो अभी से काम में जुट गए हैं। समिति अध्यक्ष दत्ता ने बताया कि महोत्सव को सफल बनाने के लिए मनोरंजन के विविध साधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि 10 दिनों तक मेले में आने वाले लोग आनंद उठा सकें। आयोजन को व्यवस्थित रूप देने के लिए समिति की लगातार बैठकें हो रही हैं और सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जामताड़ा में यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक मेलजोल का भी महत्वपूर्ण अवसर है। इस बार का 65 फीट का भव्य पंडाल निश्चय ही लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top