


जामताड़ा में 15 दिसंबर से शुरू होगा धान अधिप्राप्ति अभियान, जिले को मिला दो लाख क्विंटल का लक्ष्य

डीजे न्यूज, जामताड़ा : खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत धान अधिप्राप्ति कार्य आगामी 15 दिसंबर 2025 से प्रारंभ होने की संभावना है। इस संबंध में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा श्री रवि आनंद (भा.प्र.से.) ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त श्री आनंद ने बताया कि पिछले खरीफ विपणन मौसम 2024-25 में जिले को 2 लाख क्विंटल का लक्ष्य मिला था, लेकिन इसके विरुद्ध केवल 2,303 किसानों ने कुल 1,62,540 क्विंटल धान की ही बिक्री की थी। मौजूदा समय में उपार्जन पोर्टल पर कुल 5,432 किसान पंजीकृत हैं। इस वर्ष अधिक से अधिक किसानों को धान बिक्री के लिए प्रोत्साहित करना और छूटे हुए किसानों का निबंधन सुनिश्चित करना आवश्यक है।
इसको ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी व प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया है कि—
खरीफ विपणन मौसम 2025-26 में धान अधिप्राप्ति लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए
किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए
अधिक से अधिक किसानों को धान विक्रय के लिए प्रेरित किया जाए
अब तक पंजीकरण से वंचित किसानों का निबंधन अनिवार्य रूप से कराया जाए
अधिकारियों को अपने-अपने प्रखंड क्षेत्र में जागरूकता अभियान तेज करने और आवश्यक जानकारी किसानों तक पहुँचाने को कहा गया है, ताकि जिले में धान अधिप्राप्ति लक्ष्य को पूर्ण रूप से हासिल किया जा सके।
