



जामताड़ा के कुख्यात साइबर अपराधी जमरूद्दीन के मुख्य सहयोगी फुरकान अंसारी गिरफ्तार

निष्क्रिय खातों में अज्ञात व्यक्तियों से पैसे जमा कराकर एटीएम के माध्यम से निकालता था राशि
डीजे न्यूज, जामताड़ा : जामताड़ा में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक, जामताड़ा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने छापामारी कर कुख्यात साइबर अपराधी जमरूद्दीन अंसारी के मुख्य सहयोगी फुरकान अंसारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से मोबाइल, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, नगद राशि एवं स्कूटी बरामद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुनि सह थाना प्रभारी राजेश मंडल, साइबर अपराध थाना, जामताड़ा के नेतृत्व में पुनि मनीष कुमार गुप्ता, पुअनि हीरालाल महतो एवं अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने जामताड़ा थानान्तर्गत गोबिन्दपुर-साहेबगंज मुख्य मार्ग स्थित पोसई मोड़ बस पड़ाव के पास छापामारी की। इस दौरान कुख्यात जमरूद्दीन अंसारी के मुख्य सहयोगी साइबर अपराधकर्मी फुरकान अंसारी (उम्र 41 वर्ष), पिता- निसादली मियाँ, ग्राम- मदनाडीह, थाना- नारायणपुर, जिला- जामताड़ा को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किए गए
1. मोबाइल – 01
2. सिम कार्ड – 03
3. एटीएम कार्ड – 01
4. नगद राशि – 43,800 रुपये
5. स्कूटी – 01
इस संबंध में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या-14/26, दिनांक 03.03.2026 को धारा 318 (4)/319 (2)/61 (1) BNS 2023 तथा 66(B)(D) IT Act के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
अपराध की शैली:
अभियुक्त निष्क्रिय खातों में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पैसा जमा कराकर एटीएम के माध्यम से राशि निकालता था तथा इसके एवज में कमीशन प्राप्त करता था।
संलिप्त अपराधी
जमरूद्दीन अंसारी, पिता-हारूण रसीद, ग्राम- धरमपुर, थाना- नारायणपुर, जिला- जामताड़ा।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापामारी जारी है।




