जामताड़ा के आठ ग्रामीण और दो शहरी विद्यालय राज्यस्तर के लिए नामित

Advertisements

जामताड़ा के आठ ग्रामीण और दो शहरी विद्यालय राज्यस्तर के लिए नामित

उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2025 के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक 

डीजे न्यूज, जामताड़ा : समाहरणालय सभागार, जामताड़ा में शुक्रवार, 12 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2025 के लिए जिला स्तरीय पुरस्कार समिति की बैठक उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा श्री रवि आनंद (भा०प्र०से०) की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि यह पुरस्कार योजना विद्यालयों में पेयजल एवं स्वच्छता से जुड़े उत्कृष्ट कार्यों को पहचान और बढ़ावा देने के उद्देश्य से लागू की गई है। MSVP वेबसाइट/मोबाइल ऐप के माध्यम से सभी यू-डाइस प्राप्त विद्यालयों द्वारा जल, शौचालय, साबुन से हाथ धोना, विद्यालय रखरखाव एवं संचालन, व्यवहार परिवर्तन, जलवायु परिवर्तन और माहवारी स्वच्छता — इन सात श्रेणियों में कुल 120 अंकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया।

जिले के 1123 विद्यालयों में से 1003 विद्यालयों ने मूल्यांकन कराया। इसके आधार पर प्रखंड स्तरीय समितियों द्वारा कुल 40 विद्यालय (36 ग्रामीण, 4 शहरी) का चयन जिला स्तर के लिए किया गया।

उपायुक्त ने जताई गहरी नाराजगी

समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने जिले के एक भी प्राथमिक विद्यालय को 5-स्टार कैटेगरी नहीं मिल पाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। साथ ही कुंडहित प्रखंड के विद्यालयों के कमजोर प्रदर्शन पर एपीओ एवं एडीपीओ की कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठाते हुए कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को एडीपीओ के विरुद्ध विभागीय पत्राचार करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा जिले के सभी आवासीय विद्यालयों (झारखंड आवासीय विद्यालय करमाटांड़ को छोड़कर) के खराब प्रदर्शन पर गंभीर चिंता जताई गई। नारायण कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का नाम सूची में नहीं आने पर उपायुक्त ने सभी वार्डनों से स्पष्टीकरण मांगने तथा पुनर्मूल्यांकन में 5-स्टार रेटिंग मिलने तक उनके वेतन भुगतान को रोकने का निर्देश दिया।

राज्य स्तर के लिए 10 विद्यालयों का चयन

जिला स्तरीय समिति ने 40 विद्यालयों में से सर्वसम्मति से 10 विद्यालयों को राज्य स्तर पर भेजने हेतु नामित किया। चयनित विद्यालय इस प्रकार हैं—

शहरी क्षेत्र

प्राथमिक श्रेणी: प्राथमिक विद्यालय अमोई

एलिमेंटरी श्रेणी: उत्क्रमित मध्य विद्यालय हल्दुकनाली

(सेकेंडरी श्रेणी के लिए जेबीसी डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का चयन तय मानकों के अनुरूप नहीं होने के कारण नहीं किया गया.)

ग्रामीण क्षेत्र

प्राथमिक श्रेणी:

प्राथमिक विद्यालय खूंटाबांध (करमाटांड़)

प्राथमिक विद्यालय शिवपुर (नारायणपुर)

एलिमेंटरी श्रेणी:

उत्क्रमित मध्य विद्यालय पिंडारी

राजकीयकृत मध्य विद्यालय मझलाडीह 1 फतेहपुर

राजकीयकृत मध्य विद्यालय फतेहपुर

सेकेंडरी श्रेणी:

झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय करमाटांड़

पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय शहरदाल

उत्क्रमित उच्च विद्यालय चापुड़िया

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, एडीपीओ, एपीओ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top