

























































इलाज के दौरान बीसीसीएल कर्मी की मौत

आश्रित पुत्र को मिला प्रोविजनल नियोजन
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): बीसीसीएल के गोविंदपुर क्षेत्र संख्या तीन के नीमतल्ला स्थित क्षेत्रीय कर्मशाला में कार्यरत 53 वर्षीय बुनेला राजभर की मौत इलाज के दौरान गुरुवार की रात हो गई। 3 सितंबर को कार्यस्थल पर अचानक बीमार पड़े थे। इसके बाद उन्हें केन्द्रीय चिकित्सालय धनबाद और फिर गौरीदेवी हॉस्पिटल, दुर्गापुर रेफर किया गया था।
इधर शुक्रवार को मृत कर्मी के परिजनों ने धनबाद कोलयरी कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ) के नेतृत्व में शव को गोविंदपुर क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य द्वार पर रखकर आश्रित पुत्र को तत्काल औपबंधिक नियोजन देने की मांग की। सुबह 11 बजे से शुरू आंदोलन चार घंटे तक चला। इस दौरान संघ के अध्यक्ष मुरारी तांती ने मुख्यालय प्रबंधन को स्थिति से अवगत कराया और त्वरित नियोजन की मांग रखी। मुख्यालय से अनुमति मिलते ही मृतक की पत्नी आशा देवी द्वारा नामित पुत्र प्रिंस कुमार को प्रबंधन ने औपबंधिक नियोजन पत्र सौंपा। इसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ। बुनेला राजभर मूल रूप से देवरिया, उत्तर प्रदेश के निवासी थे। अपने पीछे पत्नी आशा देवी, पुत्र प्रिंस कुमार और दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं। आंदोलन में संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से अध्यक्ष मुरारी तांती, कार्यकारी अध्यक्ष सुशील सिंह, संगठन मंत्री सुशील कुमार सिंह, उपाध्यक्ष मंतोष तिवारी, फूलचंद्र दसौंधी, गजेन्द्र कुमार, तेजलाल प्रसाद, दिलीप कुमार सिंह, चंद्रशेखर महतो, शैलेश तिवारी, मुनिलाल राणा, संजय कुमार, शैलेन्द्र कुमार सिंह, विजय सिंह, मुख्तार गोड़, सुभम तिवारी सहित अन्य शामिल थे।



