



हुगली में सड़क हादसे में तिसरी के युवक की मौत, शव गांव पहुंचते ही पसरा मातम

डीजे न्यूज, तिसरी,गिरिडीह : तिसरी प्रखंड अंतर्गत ग्राम तिसरी के कुम्हारटोली निवासी स्वर्गीय पोखन राय के पुत्र राजेश राय की पश्चिम बंगाल के हुगली में हुए एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। रविवार को जैसे ही उनका शव गांव पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और माहौल गमगीन हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेश राय कई वर्षों से पश्चिम बंगाल में रहकर मजदूरी का कार्य करते थे। इसी दौरान हुगली में एक सड़क दुर्घटना में उनकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक का शव गांव लाने के लिए स्थानीय मुखिया किशोरी साव समेत कई ग्रामीणों ने सराहनीय पहल की। सामूहिक सहयोग से एंबुलेंस की व्यवस्था कर पार्थिव शरीर को पैतृक गांव तिसरी लाया गया।
रविवार को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।




