
हर्ल में हो रहा मजदूरों का शोषण, असंगठित मजदूर मोर्चा करेगा बड़ा आंदोलन
डीजे न्यूज, सिन्दरी(धनबाद) : हिन्दुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (हर्ल), सिन्दरी में मजदूरों के साथ हो रहे अन्याय व शोषण के विरुद्ध असंगठित मजदूर मोर्चा अब आंदोलन की राह पर है। इसी क्रम में गुरुवार को यूपीएन संख्वार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में केन्द्रीय महामंत्री निताई महतो ने तीखा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि हर्ल का वरिष्ठ मानव संसाधन पदाधिकारी (वाइस प्रेसिडेंट) मजदूरों से मिलने या उनकी समस्याओं को सुनने तक को तैयार नहीं है। वे केवल अपने करीबी लोगों को तवज्जो देते हैं, जिससे मजदूरों में गहरी नाराजगी है।
महतो ने कहा कि हर्ल प्रबंधन के संरक्षण में मजदूरों का खुलेआम शोषण हो रहा है। इसके विरुद्ध अब असंगठित मजदूर मोर्चा सड़कों पर उतरेगा और चक्का जाम जैसे कठोर कदम उठाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि हर्ल द्वारा सीएसआर फंड का उपयोग किसी सामाजिक कार्य में नहीं किया जा रहा है। इसकी शिकायत उर्वरक एवं रसायन मंत्रालय को भेजी जाएगी।
बैठक में उपस्थित मजदूरों ने भी अपनी पीड़ाएं साझा कीं और आंदोलन को हर स्तर पर समर्थन देने की बात कही। आंदोलन की तिथि केन्द्रीय अध्यक्ष अरूप चटर्जी और विधायक व उपाध्यक्ष चन्द्रदेव महतो से विचार-विमर्श के बाद घोषित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में शाखा अध्यक्ष बाबू राजा चन्द्र प्रकाश के साथ सुरेश प्रसाद, रोबिन कुमार चटर्जी, दिनेश महतो, राजीव सिंह, सोनू कुमार, सुरभी टुडू, रोहित कुमार, राजकुमार मरांडी, सबीर टुडू, आकाश मंडल, कृष्ण दीपू यादव एवं सूरज सहित कई अन्य साथी उपस्थित थे।