
हूल दिवस पर गिरिडीह में मंत्री सुदिव्य सोनू, मुख्य सचिव,
उपायुक्त समेत अधिकारियों ने सिद्धो-कान्हू को दी श्रद्धांजलि
डीजे न्यूज, गिरिडीह : हूल दिवस के अवसर पर 30 जून को गिरिडीह परिसदन भवन में संथाल विद्रोह के महान सेनानियों सिद्धो-कान्हू की स्मृति में एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, मुख्य सचिव अलका तिवारी, उपायुक्त गिरिडीह रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत कई वरीय अधिकारियों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने सिद्धो-कान्हू के त्याग, बलिदान और अदम्य साहस को नमन करते हुए कहा कि 1855 में अंग्रेजी हुकूमत और जमींदारी व्यवस्था के खिलाफ जो क्रांतिकारी बिगुल इन वीर सपूतों ने फूंका, वह आज भी संघर्ष और प्रेरणा का प्रतीक है। उनका संघर्ष देशवासियों को सामाजिक न्याय और आत्म-सम्मान की भावना से ओत-प्रोत होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
हूल दिवस, झारखंड के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है, जो यह दर्शाता है कि देश की आजादी के लिए आदिवासी समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और अद्वितीय रहा है।