गृहमंत्री अमित शाह ने पत्नी संग किया बाबा वैद्यनाथ का अभिषेक

0

डीजे न्यूज, देवघर : देश के गृहमंत्री अमित शाह ने अपनी पत्नी सोनल साह के साथ शनिवार को बाबा भोले की पूजा अर्चना की। बाबा मंदिर पहुंचने पर पुरोहितों ने शंखनाद के साथ अमित शाह का स्वागत किया। मंदिर में प्रवेश करने के बाद मंझलाखंड में भगवान गणेश की उन्होंने पूजा की। गृभगृह में प्रवेश करने पर उनके पुश्तैनी पंडा दिनानाथ नरौने व विपुल नरौने अमित शाह व उनकी पत्नी को विधिवत संकल्प कराया। उन्होंने पत्नी के साथ गंठजोड़ कर बाबा भोले की पूजा की। उसके बाद उन्होंने बाबा भोले का विधिवत अभिषेक व पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बाबा भोले पर गंगा जल, दूध, दही, घी, मधु, इत्र, गुलाल, अक्षत, रोली, चंदन, पुष्प, पुष्प माला, विल्वपत्र आदि से पूजा की। साथ ही नवैदय के तौर पर फल, ड्राइ फ्रूट, मिष्टान, वस्त्र, रुद्राक्ष की माला व 501 रुपया नकद चढ़ाया। साथ ही पूजा के लिए प्रसाद के तौर पर 30 किलो पेड़ा मंगाया गया था। सुरक्षा कारणों से खाद्य सुरक्षा कर्मियों व चिकित्सकों द्वारा इसकी विधिवत जांच की गई थी। प्रसाद व पूजन सामग्री को चांदी के बर्तन विभिन्न बर्तनों में रखा गया था। उन्हें गर्भगृह में पांच वैदिकों के द्वारा मंत्रोदार के बीच पूजा अर्चना करायी गई। इस दौरान सरदार पंडा गुलाब नंद ओझा के अलावा पुरोहित के तौर पर राकेश झा, बबलू श्रृंगारी, लंबोदर परिहस्त ने उन्हें पूजा कराया। गर्भगृह में सांसद निशिकांत दु़बे, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के महामंत्री कार्तिक नाथ ठाकुर मौजूद थे। इस दौरान विभिन्न मंदिरों में अपनी-अपनी गद्दी पर बैठे पुरोहितों के द्वारा हर-हर महादेव का जयघोष किया गया। इस दौरान अमित शाह सभी पुरोहितों का हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने मंदिर की परिक्रमा की। उसके बाद निकास द्वार के पास बनाए गए मंच पर उन्हें ले जाया गया। वहां उन्हें कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने रेश्म का शाल भेंट किया जबकि पंडा धर्मरक्षिणी व उपायुक्त के द्वारा अलग-अलग बाबा भोले का प्रतिक चिन्ह भेंट किया गया। पूजा करने के बाद उन्होंने पुश्तैनी पंडों का पैर छूटकर आशीर्वाद लिया और उन्हें दक्षिणी के तौर पर गुप्त दान किया। साथ ही पुरोहित के बही में कुछ लिखा जिसे गुप्त रखा गया है। इस दौरान उन्होंने अपने पुश्तैनी पंडों व उनके स्वजनों के साथ सेल्फी भी लिया। मौके पर संताल परगना के डीआइजी सुदर्शन प्रसाद मंडल, एसपी सुभाष चंद्र जाट आदि मौजूद थे। करीब 25 मिनट का समय बाबा मंदिर में गुजारने के बाद गृह मंत्री अमित शाह यहां से अन्य कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।

 

अमित शाह के आने को लेकर मंदिर में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था। पूरे मंदिर परिसर व आसपास के इलाके को पुलिस कर्मियों ने पहले से अपने कब्जे में ले लिया था। सुबह 9:30 बजे के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दिया था। वहीं 11 बजे के बाद गर्भगृह व अन्य मंदिरों को पूरी तरह से खाली करा दिया गया था। वहीं मंदिर प्रागंण में किसी को चलने की अनुमति नहीं थी। पहले से चिहिन्त तीर्थ पुरोहित विभिन्न मंदिरों में स्थित अपने-अपने गद्दी पर बैठे हुए थे। उन्हें वहां से किसी जाने की अनुमति नहीं थी। साथ ही सभी का पहचान पत्र अच्छे से जांच किया गया था। वहीं पहले से मंदिर की विधिवत जांच की गई थी। इस दौरान सभी श्रद्धालुओं को फूट ओवर ब्रिज के पास रोक दिया गया था। गृह मंत्री के जाने के बाद 12:45 बजे के बाद बाबा मंदिर को अन्य श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिया गया।

इस खबर को शेयर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *