होली आपसी भाईचारे का प्रतीक, शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : उपायुक्त रामनिवास यादव कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता, हर स्थिति से निपटने को पुलिस तैयार : एसपी डॉ बिमल कुमार

Advertisements

होली आपसी भाईचारे का प्रतीक, शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : उपायुक्त रामनिवास यादव

कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता, हर स्थिति से निपटने को पुलिस तैयार : एसपी डॉ बिमल कुमार
डीजे न्यूज, गिरिडीह :- होली पर्व के मद्देनज़र जिले में शांति, सद्भाव और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने संयुक्त आदेश जारी किया है।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है, अतः किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांतिपूर्ण एवं मर्यादित तरीके से पर्व मनाने की अपील की है।
संयुक्त आदेश में कहा गया है कि जिले के सभी संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस गश्ती दल लगातार भ्रमणशील रहेंगे तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने और शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि डीजे, तेज ध्वनि विस्तारक यंत्र तथा अश्लील गीतों पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। निर्धारित समय सीमा के बाद लाउडस्पीकर का उपयोग नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शराब के नशे में वाहन चलाने, सड़क पर हुड़दंग करने या जबरन रंग लगाने जैसी घटनाओं पर कड़ी नजर रखी जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु ट्रैफिक पुलिस को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने का निर्णय लिया गया है। भ्रामक, अफवाह फैलाने वाले या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। साइबर सेल को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम या नजदीकी थाना को देने की अपील आमजनों से की गई है। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर स्थिति का जायजा लें और आवश्यकतानुसार त्वरित निर्णय लें।
पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। त्योहार के दौरान आपातकालीन सेवाएं जैसे एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं चिकित्सा व्यवस्था भी अलर्ट मोड में रहेंगी।
संयुक्त आदेश के माध्यम से आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की गई है कि वे प्रशासन का सहयोग करें तथा होली पर्व को प्रेम, सौहार्द और आपसी सम्मान के साथ मनाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने की किसी भी कोशिश पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जिले में होली का त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top