



हक-अधिकार की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी माले : विनोद सिंह

डीजे न्यूज, बिरनी, गिरिडीह :
कड़ाके की ठंड के बावजूद भाकपा-माले कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं हुआ। भरकट्टा डाक बंगला के पास आयोजित बैठक में स्वर्गीय विधायक महेंद्र सिंह के 21वीं बलिदान दिवस की तैयारी पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि गरीबों और मजदूरों के हक-अधिकार की लड़ाई लड़ना ही माले की पहचान है। उन्होंने आरोप लगाया कि नाइजर में बंधक बने बगोदर के मजदूरों को वापस लाने के लिए केंद्र सरकार गंभीर नहीं है।
विनोद सिंह ने कहा कि मनरेगा कमजोर कर दी गई है, मजदूरी पर हमला हो रहा है, बालू के नाम पर किसानों-मजदूरों को परेशान किया जा रहा है और जल-जंगल-जमीन उद्योगपतियों को सौंपने की साजिश चल रही है। छात्रवृत्ति, राशन और आवास जैसी योजनाओं से भी गरीब वंचित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान के नाम पर राजनीति कर गरीबों को ठगा जा रहा है। 16 जनवरी को स्वर्गीय महेंद्र सिंह के बलिदान दिवस पर बड़े संकल्प के साथ मजदूर-किसानों की लड़ाई को आगे बढ़ाना होगा।
बैठक में पूर्वी जोन के दस पंचायतों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तय किया कि बलिदान दिवस पर कम से कम पाँच हजार कार्यकर्ता बगोदर पहुँचेंगे।
बैठक की अध्यक्षता भाकपा-माले प्रखंड सचिव सह उप-प्रमुख शेखर शरण दास ने की, जबकि संचालन सूर्यदेव तुरी ने किया। कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिला-पुरुष ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



