हजारीबाग रोड स्टेशन की अनदेखी पर फूटा गुस्सा — झामुमो कार्यकर्ताओं का धरना, रेलवे से कड़ी मांग

Advertisements

हजारीबाग रोड स्टेशन की अनदेखी पर फूटा गुस्सा : झामुमो कार्यकर्ताओं का धरना, रेलवे से कड़ी मांग

डीजे न्यूज, सरिया,गिरिडीह :

हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन की लगातार उपेक्षा से नाराज़ झामुमो कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जोरदार विरोध दर्ज कराया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत त्रिभुवन मंडल के नेतृत्व में सैकड़ों महिला-पुरुष झामुमो कार्यालय से जुलूस की शक्ल में निकले और सीधे स्टेशन के बुकिंग ऑफिस के सामने धरना पर बैठ गए। धरना की कमान अशोक मंडल ने संभाली, जबकि संचालन कृष्ण मुरारी पांडे ने किया।

धरना में उठी मांगें साफ और मजबूत थीं — हजारीबाग रोड स्टेशन को ग्रेड “बी” का दर्जा दिया जाए, धनबाद से मुंबई तक नई ट्रेन चलाई जाए और हावड़ा-जोधपुर, रांची–नई दिल्ली राजधानी, वंदे भारत, झारखंड स्वर्ण जयंती, पूर्वा एक्सप्रेस सहित प्रमुख ट्रेनों का यहां ठहराव सुनिश्चित किया जाए।

अपने संबोधन में त्रिभुवन मंडल ने कहा कि जितने भी सांसद और विधायक यहां से चुने गए, उन्होंने कभी स्टेशन की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। जो काम जनप्रतिनिधियों को करना चाहिए था, अब जनता खुद करने के लिए मजबूर है।

झारखंडी एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष असलम अंसारी ने भी कहा कि ब्रिटिश काल से चल रही कोलकाता–मुंबई मेल ट्रेन आज भी पुराने ढर्रे पर चल रही है। अगर धनबाद से मुंबई के लिए सीधी ट्रेन मिले तो यह झारखंड के लोगों के लिए बड़ी राहत होगी और क्षेत्र के विकास का रास्ता भी खुलेगा।

धरना समाप्त होने के बाद स्टेशन प्रबंधक के माध्यम से डीआरएम धनबाद को ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम को झारखंडी एकता संघ और रेल यात्री सुविधा संघ का समर्थन मिला। मौके पर शंकर मंडल, राजू मंडल, अलीमुद्दीन अंसारी, काजिम अंसारी, मास्टर अली, रफीक अंसारी, गिरधारी पासवान, टिंकू गुप्ता समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

अब देखना यह है कि रेलवे जागता है या फिर जनता को दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top