



हजारीबाग की घटना के विरोध में सड़क पर उतरीं महिलाएं
भाजपा महिला मोर्चा ने रणधीर वर्मा चौक पर दिया धरना
डीजे न्यूज, धनबाद: हेमंत सरकार की ध्वस्त कानून व्यवस्था के विरोध में भाजपा महानगर व ग्रामीण महिला मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को रणधीर वर्मा चौक पर धरना-प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी एवं निर्मम हत्या के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करने तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और फांसी जैसी कड़ी सजा की मांग को लेकर आयोजित किया गया।
अध्यक्षता मोर्चा की जिला अध्यक्ष विभा रानी सिंह ने की। संचालन जिला मंत्री रीता यादव ने किया।
धरना के बाद अनुमंडल पदाधिकारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
इस अवसर पर सिंदरी के भाजपा नेत्री तारा देवी ने कहा कि झारखंड में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है और सरकार पूरी तरह से मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि एक मासूम बच्ची के साथ इस प्रकार की अमानवीय घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है, लेकिन सरकार की निष्क्रियता बेहद चिंताजनक है। उन्होंने दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोरतम सजा देने की मांग की।
जिला अध्यक्ष विभा रानी सिंह ने कहा कि हेमंत सरकार में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पूरी तरह से भगवान भरोसे है। राज्य में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो भाजपा महिला मोर्चा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन को और तेज करेगी।
जिला मंत्री रीता यादव ने कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा इस मामले में न्याय मिलने तक चुप नहीं बैठेगी और लगातार संघर्ष करती रहेगी।
कार्यक्रम में मोर्चा की प्रदेश मंत्री रमा सिन्हा, दीपा दास, भारती दुबे, श्वेता किन्नर, रीना साहू, काजल झा, मानस प्रसून, राजकिशोर जैना, शिवांश श्रीवास्तव, इंद्रभूषण कुशवाहा, जीत सोनी ,बोबी पाण्डेय उपस्थित थे।



