हिंदू सम्मेलन में गूंजा एकता का स्वर, धर्म व संस्कृति रक्षा का लिया संकल्प

Advertisements

हिंदू सम्मेलन में गूंजा एकता का स्वर, धर्म व संस्कृति रक्षा का लिया संकल्प

डीजे न्यूज, सरिया:

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को सरिया के ठाकुरबाड़ी मैदान में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत साधु-संतों पर पुष्प वर्षा एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। आयोजकों ने मंचासीन संतों एवं विद्वानों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कथा वाचिका प्रतिमा देवी द्वारा हनुमान चालीसा का संगीतमय पाठ किया गया। वहीं विभिन्न विद्यालयों—चिल्ड्रेन पैराडाइस, मध्य विद्यालय सरिया, एसके रेजिडेंशियल विद्यालय एवं एसआरके डीएवी पब्लिक स्कूल—के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों एवं शिव तांडव स्तोत्र पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

सम्मेलन के दौरान “भारत माता की जय”, “गौ माता की जय” और “जय श्री राम” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। संत समाज ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिस प्रकार जीवन के लिए हवा और पानी आवश्यक हैं, उसी प्रकार धर्म की रक्षा के लिए संगठन अनिवार्य है। उन्होंने समाज से एकजुट होकर राष्ट्र व संस्कृति की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने जाति-पाति से ऊपर उठकर एकजुट रहने की आवश्यकता पर बल दिया और भगवान श्रीराम, शबरी, केवट एवं जटायु के उदाहरणों के माध्यम से समरसता और त्याग का संदेश दिया। साथ ही गौ संरक्षण को लेकर प्रत्येक हिंदू परिवार से कम से कम एक गाय पालने की अपील की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोजक समिति के अध्यक्ष अनूप कुमार तर्वे ने की, जबकि संचालन सचिव रामावतार पांडेय ने किया। इस मौके पर आरएसएस के विभाग संचालक सुरेंद्र प्रताप सिंह, गौ सम्मान जिला प्रमुख छत्रबली पंडित, प्रकाश गिरी उर्फ फलाहारी बाबा, प्रतिमा देवी, कामदेव पांडेय, वीर प्रताप सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।

अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन को सफल बनाने में विनोद कुमार पांडेय, सोनू कुमार वर्णवाल, डॉ. उमेश कुमार, आशीष तर्वे, नवीन वर्मा, विवेक मोदी सहित कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top