
“हिलाय देले रे झारखंड राज्य गाटा हिलाय देले रे”
पश्चिमी सिंहभूम के सुबानसाई में झूमर सम्राट संतोष महतो के झूमर पर झूमे हजारों ग्रामीण
डीजे न्यूज, बंदगांव(पश्चिमी सिंहभूम) : प्रखंड के सुबानसाई गांव में झूमर सम्राट संतोष महतो के नेतृत्व में एक भव्य झूमर सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समिति के अध्यक्ष अब्बू महतो थे। कार्यक्रम का उद्घाटन समिति के संरक्षक होली महतो एवं अध्यक्ष अब्बू महतो ने फीता काटकर किया।
स्थानीय भाषा और संस्कृति को बचाने का प्रयास : अब्बू महतो
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अब्बू महतो ने कहा कि झूमर न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि यह स्थानीय भाषा और संस्कृति की पहचान को भी बनाए रखता है। झूमर में कुड़मी, संथाली, हो, संबलपुरी, हिंदी जैसी भाषाओं के गीत गाए जाते हैं, जिससे क्षेत्रीय भाषाओं को सहेजने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन हर गांव में होना चाहिए, ताकि हमारी भाषा और परंपरा जीवंत बनी रहे।
संगीत की धुन पर झूमे दर्शक
दोपहर 3 बजे से शुरू हुआ झूमर कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा। झूमर सम्राट संतोष महतो ने “एगे दुलाली मनके भुलाली”, “हिलाय देले रे झारखंड राज्य गाटा हिलाय देले रे” जैसे कई शानदार गीत प्रस्तुत किए।
इसके अलावा झूमर गायिका रेश्मी देवी ने “डुंगरी का धारे धारे बुदारेका बांसुरी”, “झारखंड कैसन सुन्दर” जैसे गीत गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं उर्मिला महतो एवं जोसना महतो ने संथाली, ओड़िया, कुड़माली गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल में जोश भर दिया।
सफल आयोजन में समिति का सराहनीय योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में संरक्षक होली महतो, अब्बू महतो, घसिया महतो, दीपक महतो, बलराज महतो, नीलकंठ कटियार, मनोज महतो सहित कई लोगों का सराहनीय योगदान रहा।
इस भव्य आयोजन को देखने के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे और उन्होंने झूमर के सुरों पर झूमकर इस सांस्कृतिक पर्व का भरपूर आनंद लिया।