
हेमंत से मिले राज सिन्हा, फ्लाई ओवर और रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण का मुद्दा उठाया
डीजे न्यूज, धनबाद :
धनबाद विधायक राज सिन्हा ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और उन्हें धनबाद जिला व राज्य के महत्वपूर्ण पथों के मध्य फ्लाई ओवर और रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान करने की मांग की। विधायक सिन्हा ने मुख्यमंत्री को बताया कि धनबाद जिले में कई पथ जीर्णशीर्ण अवस्था में हैं और राज्य मुख्यालय से धनबाद जिला मुख्यालय आवागमन के लिए मुख्य मार्ग की स्थिति भी ठीक नहीं है।
प्रमुख मांगें
मेमको मोड़ पर फ्लाई ओवर का निर्माण : यह पथ धनबाद विधानसभा क्षेत्र और जिला मुख्यालय का महत्वपूर्ण पथ है, जिसका निर्माण अत्यंत महत्वपूर्ण है। भौतिक प्रतिवेदन तैयार कर केन्द्रीय निरूपण संगठन, पथ निर्माण विभाग, झारखंड, रांची को भेजी जा चुकी है, लेकिन तकनीकी और प्रशासनिक स्वीकृति अभी तक लंबित है।
बैंक मोड़ से धनसार तक फोर लेन पथ निर्माण: यह पथ मुख्यालय और राज्य के अंदरूनी मुख्य पथों में से एक है, जिसका निर्माण जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण है। पथ निर्माण के लिए प्राक्कलन प्रस्ताव की तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन प्रशासनिक स्वीकृति की प्रत्याशा में लंबित है।
बैंक मोड़ से भाया केन्दुआ महुदा – राजगंज New NH-32 तक जोड़ने हेतु पथ का निर्माण: यह पथ राज्य मुख्यालय रांची से बोकारो होते हुए धनबाद को सीधी मार्ग से जोड़ने वाला एक प्रमुख और व्यस्ततम मार्ग है, जिसका निर्माण जनहित में किया जाना महत्वपूर्ण होगा।
पूजा टॉकिज से जोड़ाफाटक तक फ्लाई ओवर का निर्माण: यह पथ मुख्यालय के अंदर एक महत्वपूर्ण पथ है, जहां घनी आबादी है और 24 घंटे हल्की और भारी वाहनों का आवागमन होता है।
महुदा राजगंज New NH-32 के मध्य सोनारडीह रेलवे क्रासिंग पर रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण: यह पथ राज्य के अंदरूनी प्रमुख पथों में से एक है, जो धनबाद, बोकारो और रांची को जोड़ती है। इस पथ के मध्य सोनारडीह रेलवे क्रासिंग पर रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण नहीं होने से हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। विधायक राज सिन्हा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से क्षेत्रहित और राज्यहित में इन सभी कार्यों को जल्द से जल्द करने की मांग की।