
गुरुजी का जाना झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति : डॉ. अमर दास
फतेहपुर डिग्री कॉलेज में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
डीजे न्यूज, जामताड़ा : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर बुधवार को फतेहपुर डिग्री कॉलेज में शोक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमर दास ने की। कॉलेज परिसर में गमगीन माहौल रहा और विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की आंखें नम दिखाई दीं।
प्राचार्य डॉ. अमर दास ने कहा किगुरुजी का जाना प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। वे केवल संथाल समाज के ही संरक्षक नहीं थे, बल्कि झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता रहे। उनके अथक प्रयास और संघर्ष से अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हो सका। उन्होंने कहा कि गुरुजी ने अपना पूरा जीवन झारखंड और यहां की जनता के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। उनका जाना राज्य के लिए “पिता का साया छिन जाने” जैसा है। उन्हीं के आशीर्वाद और मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज राज्य का नेतृत्व कर रहे हैं और समाजहित को सर्वोपरि मानते हैं। डॉ. दास ने भावुक स्वर में कहा कि गुरुजी हमारे बीच हमेशा अमर रहेंगे। उनके सिद्धांत, नीतियां और जीवन मूल्य सदा झारखंडवासियों के लिए पथ प्रदर्शक बने रहेंगे। आज जरूरत है कि हम उनके बताए मार्ग पर चलकर राज्य और समाज का विकास सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में कॉलेज के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।