



ग्रामीणों ने मुराईडीह चेक पोस्ट पर किया प्रदर्शन

जाम से निजात दिलाने की कर रहे थे मांग
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): जाम की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण बुधवार को आंदोलन पर उतर आए और बीसीसीएल के मुराईडीह एएमपी कोलियरी चेक पोस्ट को बंद कर प्रदर्शन किया। एमपीएल (माइन प्लांट लोडर) और रोड सेल की गाड़ियों की एक साथ एंट्री के कारण लगातार जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी हो रही थी।
सूचना पाकर मुराईडीह परियोजना पदाधिकारी टी.एस. चौहान मौके पर पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने तत्काल निर्देश दिया कि फिलहाल रोड सेल और एमपीएल वाहनों की एंट्री अलग-अलग समय पर की जाए। साथ ही एक सप्ताह के भीतर पुराने रास्ते को चालू करने और एमपीएल के लिए अलग एंट्री की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीआईएसएफ की तैनाती बढ़ाने की भी बात कही गई। हस्तक्षेप के बाद जाम की स्थिति सामान्य हुई और चेक पोस्ट को फिर से खोल दिया गया। मौके पर परियोजना पदाधिकारी टी.एस. चौहान के अलावा दयाल महतो, अनूप चौहान, शुभाष यादव, मोहन यादव सहित अन्य ग्रामीण और बीसीसीएल कर्मी मौजूद थे।




