18 चुनावों में आठ बार बेरमो के नेता बने हैं गिरिडीह के सांसद

0

18 चुनावों में आठ बार बेरमो के नेता बने हैं गिरिडीह के सांसद

पांच बार सांसद बनने का रिकॉर्ड रवींद्र पांडेय के नाम
तरुण कांति घोष, कतरास, धनबाद : धनबाद, गिरिडीह तथा बोकारो जिले को मिलाकर बना है गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र। इसके अंर्तगत धनबाद जिला के बाघमारा और टुंडी विधानसभा, गिरिडीह जिला के गिरिडीह व डुमरी विधानसभा तथा बोकारो जिला के बेरमो व गोमिया विधानसभा क्षेत्र आता है। वर्ष 1952 से लेकर अब तक 18 लोकसभा चुनाव हो चुके हैं। इसमें एक उप चुनाव भी शामिल है। इन 18 चुनावों में सबसे अधिक आठ बार बोकारो के बेरमो विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले नेता ने गिरिडीह लोकसभा का चुनाव जीतकर सांसद बने हैं। बेरमो विधानसभा क्षेत्र के रामदास सिंह ने दो बार, बिंदेश्वरी दुबे एक बार तथा सबसे अधिक पांच बार रवींद्र पांडेय ने गिरिडीह सीट से जीत दर्ज की है। वर्ष 1977 में जनता पार्टी की लहर में गिरिडीह सीट से बेरमो के दिग्गज श्रमिक नेता रामदास सिंह ने जीत दर्ज की थी। वह श्रम संगठन हिंद मजदूर सभा के संस्थापक सदस्यों में एक थे। उन्होंने कांग्रेस के इम्तियाज को पराजित किया था।

1980 के चुनाव में इंटक नेता बिंदेश्वरी दुबे ने बाजी मारी थी। उन्होंने जनता पार्टी के रामदास सिंह को शिकस्त दिया था। वे एकीकृत बिहार के मुख्यमंत्री तथा केंद्र में श्रम व कानून मंत्री भी बने थे। वर्ष 1989 में रामदास सिंह ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े और झामुमो नेता विनोद बिहारी महतो को पराजित कर दूसरी बार सांसद बने। 1991 में हुए उप चुनाव में रामदास सिंह को पराजय का सामना करना पड़ा। उन्हें झामुमो के विनोद बिहारी महतो ने पराजित किया था। 1991 से 1996 के बीच हुए लोकसभा चुनावों में बेरमो विधानसभा क्षेत्र के कोई भी नेता इस सीट से खड़े नहीं हुए। फिलहाल इस सीट पर आजसू के चंद्रप्रकाश चौधरी का कब्जा है। एनडीए गठबंधन के तहत बीते लोकसभा चुनाव में भाजपा ने यह सीट आजसू के लिए छोड़ दिया था।
==अब तक के सांसदों पर एक नजर:
1952: नागेश्वर प्रसाद सिन्हा: कांग्रेस
1957: काजी एस ए मतीन : छोटानागपुर संथाल परगना जनता पार्टी
1962 : बटेश्वर सिंह: स्वतंत्र पार्टी
1967 : इम्तियाज अहमद: कांग्रेस
1971 : चपलेंटु भट्टाचार्य : कांग्रेस
1977 : रामदास सिंह : जनता पार्टी
1980 : बिंदेश्वरी दुबे : कांग्रेस आई
1984 : सरफराज अहमद : कांग्रेस
1989 : रामदास सिंह  : भाजपा
1991 : बिनोद बिहारी महतो : झामुमो
1992 (उप चुनाव) : राजकिशोर महतो : झामुमो
1996 : रवींद्र कुमार पांडेय :भाजपा
1998 : रवींद्र कुमार पांडेय : भाजपा
1999 : रवींद्र कुमार पांडेय : भाजपा
2004 : टेकलाल महतो : झामुमो
2009 : रवींद्र कुमार पांडेय : भाजपा
2014 : रवींद्र कुमार पांडेय : भाजपा
2019 : चंद्रप्रकाश चौधरी :आजसू

इस खबर को शेयर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *