गिरिडीह उपायुक्त ने जनता दरबार में कई मामलों का किया ऑन द स्पॉट निपटारा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे उपायुक्त के समक्ष रखीं।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में भूमि विवाद, पेंशन, आवास योजना, राशन कार्ड, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, सड़क एवं बीमा क्लेम से जुड़े कई मामले सामने आए।
कई मामलों का मौके पर ही समाधान
जनता दरबार के दौरान कई मामलों का ऑन द स्पॉट निराकरण किया गया, जिससे फरियादियों को तत्काल राहत मिली। उपायुक्त ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और तय समय सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम है।
लोगों से की अपील
उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और सही जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।