गिरिडीह रेलवे स्टेशन में गार्ड पर हमला

Advertisements

गिरिडीह रेलवे स्टेशन में गार्ड पर हमला
डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगर थाना क्षेत्र स्थित गिरिडीह रेलवे स्टेशन में चोरी की नीयत से आए कुछ अज्ञात लोगों ने ड्यूटी पर तैनात गार्ड के साथ मारपीट कर दी, जिससे गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया।
घायल गार्ड की पहचान महरु साव (48 वर्ष), पिता बिल्टू साव, निवासी बेला गांव, थाना चौपारण, जिला हजारीबाग के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह पिछले सात वर्षों से गिरिडीह रेलवे स्टेशन में पीडब्ल्यूआई इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में गार्ड के रूप में कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात करीब 2:30 बजे महरु साव ड्यूटी पर थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग चोरी की नीयत से स्टेशन परिसर में पहुंचे। जब गार्ड ने उनसे पूछताछ करनी चाही तो बदमाशों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में महरु साव के पैर की हड्डी बुरी तरह टूट गई।
मारपीट के बाद बदमाश उनका मोबाइल और पैसे छीनकर मौके से फरार हो गए। घायल गार्ड ने किसी तरह शोर मचाकर आसपास मौजूद अन्य गार्डों को बुलाया। इसके बाद साथियों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top