गिरिडीह में विश्व होम्योपैथिक दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
डीजे न्यूज, गिरिडीह : विश्व होम्योपैथिक दिवस के अवसर पर संयुक्त औषधालय, गिरिडीह में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह दिवस होम्योपैथी के जनक डॉ. सैमुअल हैनिमैन की जयंती के रूप में मनाया जाता है। बताया गया कि डॉ. हैनिमैन का जन्म इसी दिन हुआ था, और उन्होंने होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति की नींव रखी थी, जो आज भी गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए एक सुलभ और किफायती उपचार विकल्प मानी जाती है।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सैमुअल हैनिमैन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलन कर औपचारिक रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. संजय कुमार चौधरी ने होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति की उपयोगिता, सिद्धांत और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि होम्योपैथी कम खर्च में प्रभावी उपचार प्रदान करने की क्षमता रखती है, जिससे आमजन को काफी राहत मिलती है।
इस अवसर पर सभी आयुष स्वास्थ्य पदाधिकारी, जिला योग ट्रेनर एवं स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम में डॉ. प्रभु कुमार पांडे, डॉ. रविकांत वर्मा, डॉ. संजय कुमार चौधरी, डॉ. पूनम राय, अरशद अंसारी, मुरारी राय, गणेश कुमार, पुष्पा शक्ति, आनंद वर्मा, तनु कुमारी, सोनी कुमारी, रूपम श्रीवास्तव, तिलक वर्मा, नवनीत उपाध्याय, आशीष कुमार, अंबर प्रशांत सहित कई लोग उपस्थित रहे।