
गिरिडीह में उद्यानिकी कार्यशाला में किसानों ने जाना आधुनिक कृषि तकनीकों के गुर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : किसानों को सरकार की योजनाओं से जोड़ने और आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय उद्यानिकी कार्यशाला का आयोजन शनिवार को विवाह भवन, झंडा मैदान, गिरिडीह में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष एवं उप विकास आयुक्त ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कृषि व उद्यानिकी योजनाओं पर दी गई विस्तृत जानकारी
कार्यशाला में उद्यान विभाग द्वारा राज्य सरकार की बागवानी, मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, प्रोसेसिंग मसाले की खेती, सुगंधित पौधे और औषधीय खेती से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला उद्यान पदाधिकारी वरुण कुमार ने किसानों को प्रेरित करते हुए बताया कि वे इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
इस मौके पर डीडीएम नाबार्ड ने किसानों को बताया कि वे केवल पारंपरिक खेती तक सीमित न रहें, बल्कि प्रोसेसिंग, मसाला उत्पादन, औषधीय पौधों की खेती कर अपने आर्थिक संसाधनों में वृद्धि कर सकते हैं।
550 से अधिक किसानों ने लिया कार्यशाला में भाग
इस कार्यशाला में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक आत्मा सहित 550 से अधिक किसानों ने भाग लिया।
प्रदर्शनी स्टॉल ने बटोरा किसानों का ध्यान
कार्यशाला के दौरान मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, फल-फूल की नर्सरी से जुड़े प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए, जिसका निरीक्षण मुख्य अतिथियों और किसानों ने किया। किसानों ने भी इन नई तकनीकों में रुचि दिखाई और अपने सवालों के जवाब विशेषज्ञों से प्राप्त किए।
किसानों को जागरूक कर आमदनी बढ़ाने पर जोर
जिला परिषद अध्यक्ष और उप विकास आयुक्त महोदया ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का सही लाभ उठाकर वे अपनी आमदनी में वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने सिंचाई सुविधाओं और उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने की भी सलाह दी।
कार्यक्रम का संचालन प्रखंड तकनीकी प्रबंधक रमेश कुमार ने किया। इस कार्यशाला से किसानों को कृषि और उद्यानिकी से जुड़ी नई तकनीकों व सरकारी योजनाओं की जानकारी मिली, जिससे वे अपने उत्पादन और आय में वृद्धि कर सकें।