



























































गिरिडीह में स्वास्थ्य इतिहास का नया अध्याय : मर्सी हॉस्पिटल में सफलतापूर्वक न्यूरो सर्जरी

जटिल सर्जरी के लिए रांची, धनबाद या पटना जैसे बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह के स्वास्थ्य इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। मर्सी हॉस्पिटल, गिरिडीह में पहली बार न्यूरो सर्जरी (मस्तिष्क की शल्य चिकित्सा) सफलतापूर्वक संपन्न की गई। यह उपलब्धि न केवल अस्पताल के लिए बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि अब गिरिडीह के मरीजों को ऐसी जटिल सर्जरी के लिए रांची, धनबाद या पटना जैसे बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।

मरीज को गंभीर सिर की चोट और खोपड़ी में फ्रैक्चर था। स्थिति अत्यंत नाजुक होने के बावजूद, मर्सी हॉस्पिटल के अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने उच्च स्तरीय चिकित्सा उपकरणों और आधुनिक तकनीकों की सहायता से यह ऑपरेशन सफलता पूर्वक पूरा किया। वर्तमान में मरीज की स्थिति स्थिर है और वह स्वस्थ होने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।

मर्सी हॉस्पिटल के प्रबंधन ने बताया कि यह सर्जरी गिरिडीह में चिकित्सा सेवाओं की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे अब जिले के लोगों को मेट्रो सिटी जैसी उन्नत स्वास्थ्य सेवाएँ अपने ही शहर में प्राप्त होंगी।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मर्सी हॉस्पिटल में एक ही छत के नीचे मल्टी-स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाएं, अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक आईसीयू, पूर्ण सुसज्जित लैब, अनुभवी चिकित्सक और समर्पित स्टाफ उपलब्ध हैं। अस्पताल का उद्देश्य है कि किसी भी मरीज को अब इलाज के लिए अपने जिले से बाहर न जाना पड़े। अस्पताल के निदेशक मंडल ने कहा कि यह सफलता गिरिडीह के लिए एक नई शुरुआत है। मर्सी हॉस्पिटल भविष्य में भी इसी तरह की उन्नत चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने और जिले को स्वास्थ्य सेवाओं में आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मर्सी हॉस्पिटल के इस कदम से गिरिडीह ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को भी राहत मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी।



