




गिरिडीह में सरकारी तालाब को लेकर विवाद, मारपीट में सीताराम यादव घायल
डीजे न्यूज, गिरिडीह : मुफसिल थाना क्षेत्र के हीराडीह निवासी सीताराम यादव को कुछ लोगों ने मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया। सोमवार को दोपहर करीब 2 बजे सदर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
मारपीट का आरोप अजय यादव, सचिन यादव, झरी यादव, दीपक यादव सहित अन्य लोगों पर लगाया गया है। इस संबंध में घायल सीताराम यादव ने बताया कि उनके घर के बगल में सरकारी तालाब है, जिसे आरोपी पक्ष अपना बताते हुए उन्हें मछली पकड़ने से मना करता है। उन्होंने बताया कि वहां दो तालाब हैं और दोनों ही सरकारी हैं, लेकिन दीपक यादव और सचिन यादव अपने दबदबे के बल पर उसे अपना बताते हैं।
सीताराम यादव के अनुसार, इसी विवाद को लेकर सभी आरोपी रॉड और अन्य हथियारों से लैस होकर उनके घर के पास पहुंचे और उनके साथ मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है और थाना में आवेदन दिया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण आरोपियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। घायल ने मुफसिल थाना पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



