
गिरिडीह में साउथ एशियन कराटे चैंपियनशिप में भव्य समापन, नेपाल ने जीता ओवरऑल खिताब
भारत बना उपविजेता
डीजे न्यूज, गिरिडीह :
गिरिडीह स्थित सुभाष इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में आयोजित साउथ एशियन कराटे चैंपियनशिप का समापन शनिवार को धूमधाम से हुआ। वर्ल्ड फूनाकोशिश शॉटोकन कराटे झारखंड के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का आयोजन 18 से 20 अप्रैल तक किया गया।
प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, भूटान, अफगानिस्तान और मलेशिया की टीमों ने भाग लिया। ओवरऑल चैंपियन का खिताब नेपाल ने अपने नाम किया, जबकि भारत उपविजेता रहा। भारत के कराटे खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
समापन समारोह में संघ के संरक्षक डॉ. अमरजीत सिंह सलूजा, सरदार देवेंद्र सिंह चुन्नू कांत, अध्यक्ष डॉ. विजय सिंह और विशिष्ट अतिथियों में राजेंद्र जी, सावन रमेश, डॉ. तारकनाथ देव, सीए आकाश रोशन उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
वर्ल्ड फूनाकोशिश कराटे झारखंड के चीफ उज्जवल सिंह ने जानकारी दी कि आने वाले समय में गिरिडीह में कराटे प्रशिक्षण का विस्तार किया जाएगा, खासतौर पर महिलाओं के लिए आत्मरक्षा के विशेष सत्र चलाए जाएंगे।
संघ संरक्षक सरदार देवेंद्र सिंह और अध्यक्ष डॉ. विजय सिंह ने सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, कोच और ऑफिशियल्स को धन्यवाद देते हुए कहा कि गिरिडीह में आगे भी ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
गिरिडीह में कराटे को लेकर बढ़ती जागरूकता और बच्चों में खेल के प्रति उत्साह ने इस प्रतियोगिता को खास बना दिया। आयोजकों ने इसे आगामी वर्षों में और भी भव्य स्तर पर आयोजित करने का संकल्प लिया।