
गिरिडीह में पत्रकार पर जानलेवा हमला, आरोपित गिरफ्तार
डीजे न्यूज, गिरिडीह : पत्रकार मनोज कुमार पिंटू पर शुक्रवार को एक युवक ने दिन दहाड़े जानलेवा हमला कर दिया। युवक ने शहर के व्यस्ततम इलाके काली बाड़ी और बीबीसी रोड मोड़ के मध्य में हमला किया। इस हमले में मनोज कुमार पिंटू को सिर में गहरी चोट लगी है। हमले के बाद घायल पत्रकार को स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार कर उसे छुट्टी दे दी गई। वहीं लोगों ने युवक को धर दबोचा और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना के संबंध में मनोज कुमार पिंटू ने बताया कि रोज की तरह वह समाचार संकलन के लिए मकतपुर स्थित अपने घर से निकला था। इसी क्रम में काली बाड़ी चौक के समीप उक्त युवक ने पहले अपने पल्सर मोटरसाइकिल से उनकी मोटरसाइकिल में धक्का मारा। उसके बाद आरोपी ने उसपर जानलेवा हमला कर दिया। बताया कि आरोपी युवक गुरुवार से ही उसे तलाश रहा था। उसने उसके घर से उसका मोबाइल नम्बर भी लिया था। बताया कि युवक ने उसपर हमला क्यों किया इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। पिंटू ने बताया कि वह आरोपी युवक को पहले से नहीं जानता है। वहीं पुलिस पूछताछ में आरोपी युवक ने अपना नाम 28 नम्बर निवासी सूरज पासी बताया है। घटना की जानकारी मिलते ही कई पत्रकार नगर थाना पहुंचे और मामले को लेकर थाना प्रभारी से वार्ता की। इस दौरान पत्रकार अभिषेक सहाय, रिंकेश कुमार, बिनोद शर्मा, विकास सिंह, शाहिद रजा, नीरज कुमार, मृणाल कुमार, निशांत कुमार, निशांत गुप्ता सहित अन्य पत्रकार मौजूद थे।