गिरिडीह में पत्नी की हत्या कर शव जलाने का खुलासा, पति-सास सहित पांच गिरफ्तार

Advertisements

गिरिडीह में पत्नी की हत्या कर शव जलाने का खुलासा, पति-सास सहित पांच गिरफ्तार
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के कारीपहाड़ी जंगल में मिले अर्द्धजले महिला शव मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। विशेष अनुसंधान दल (SIT) की जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके पति ने दूसरी शादी की नीयत से अपने परिजनों व सहयोगियों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने पति-सास समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर दो विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने बताया कि 30 जनवरी को सुबह करीब 07:30 बजे बगोदर थाना अंतर्गत कारीपहाड़ी जंगल में एक अज्ञात महिला का अर्द्धजला शव मिलने की सूचना मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गिरिडीह ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगोदर-सरिया के नेतृत्व में SIT का गठन किया तथा घटनास्थल पर FSL टीम, श्वान दस्ता, फिंगरप्रिंट दस्ता और तकनीकी टीम भेजी गई।
अनुसंधान के दौरान लापता महिलाओं की जानकारी जुटाई गई। इसी क्रम में डुमरी थाना क्षेत्र से 28 जनवरी से लापता शाहिना प्रवीण पति जाबीर अंसारी के परिजनों को बुलाकर पहचान कराई गई। अर्द्धजले शरीर पर पुराने निशान, कपड़े और घटनास्थल पर गिरी चूड़ी से माता-पिता ने मृतका की पहचान शाहिना प्रवीण पति जाबीर अंसारी, निवासी चिनो, थाना डुमरी, जिला गिरिडीह के रूप में की।
इसके बाद मृतका के पिता ताहुल अंसारी के आवेदन पर बगोदर थाना कांड संख्या 20/26 दिनांक 30.01.2026 धारा 103(1)/238/3(5) बीएनएस के तहत पति, सास एवं अन्य के विरुद्ध हत्या कर शव जलाने का मामला दर्ज किया गया।
SIT की सघन छापेमारी में मृतका की सास जैबुन निशा एवं पति जाबीर अंसारी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि शाहिना प्रवीण को कारीपहाड़ी ले जाकर हत्या कर शव जला दिया गया। जांच में सराफत अंसारी पिता मो० शहजाद अंसारी ग्राम बेको टांडपर थाना बगोदर, वकील अंसारी उर्फ रॉकी पिता मुस्लिम अंसारी तथा गुड्डु अली पिता मो० जाकीर हुसैन दोनों ग्राम करमाटोंगरी थाना निमियाघाट एवं दो नाबालिग लड़कों की संलिप्तता भी सामने आई। पूछताछ में जाबीर अंसारी ने बताया कि वह दूसरी लड़की से शादी करना चाहता था, इसलिए पत्नी की हत्या कर दी।
पुलिस ने इस घटना में संलिप्त सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त :
जाबीर अंसारी, पिता सब्बीर अंसारी, सा० चिनो थाना डुमरी, जिला गिरिडीह
जैबुन निशा, पति सबीर अंसारी, सा० चिनो थाना डुमरी, जिला गिरिडीह
वकील अंसारी उर्फ रॉकी, पिता मुस्लिम अंसारी, ग्राम करमाटोंगरी थाना निमियाघाट, जिला गिरिडीह
गुड्डु अली, पिता मो० जाकीर हुसैन, ग्राम करमाटोंगरी थाना निमियाघाट, जिला गिरिडीह
सराफत अंसारी, पिता मो० शहजाद अंसारी, सा० बेको टांडपर थाना बगोदर, जिला गिरिडीह
विधि विरुद्ध किशोर : 02 (दो)
बरामद सामग्री :
घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिल
05 मोबाइल फोन
मृतका का कपड़ा, चूड़ी एवं टूटा हुआ क्लिप
अभियुक्तों के घटना के समय पहने कपड़े
घटनास्थल से माचिस, बोतल एवं एक जूट का बोरा
छापामारी दल :
धनंजय कुमार राम (अनु.पु.पदा. बगोदर सरिया), पु.अ.नि. विनय कुमार यादव (थाना प्रभारी बगोदर), पु.अ.नि. अंजन कुमार (बगोदर थाना), स.अ.नि. झरी उरांव (बगोदर थाना), स.अ.नि. संजय कुमार (बगोदर थाना), स.अ.नि. तौफिक आलम (बगोदर थाना), स.अ.नि. प्रदीप सिंह (बगोदर थाना), तकनीकी शाखा एवं बगोदर थाना रिजर्व गार्ड।
पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top