गिरिडीह में पोषण पखवाड़ा का आगाज, 23 अप्रैल तक चलेंगे विशेष कार्यक्रम

Advertisements

गिरिडीह में पोषण पखवाड़ा का आगाज, 23 अप्रैल तक चलेंगे विशेष कार्यक्रम
डीजे न्यूज, गिरिडीह :
जिले में पोषण को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान के तहत “पोषण पखवाड़ा 2026” की शुरुआत हो गई है। यह अभियान 23 अप्रैल तक जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि निर्धारित कैलेंडर के अनुसार सभी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
इस वर्ष पोषण पखवाड़ा की थीम “बचपन के पहले 6 साल – पोषण, पढ़ाई के लिए बेमिसाल” निर्धारित की गई है, जिसमें बच्चों के शुरुआती वर्षों में पोषण, शिक्षा और समग्र विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
उपायुक्त ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित यह अभियान मिशन पोषण 2.0 के अंतर्गत संचालित है, जिसका उद्देश्य सामाजिक और व्यवहार परिवर्तन संचार (SBCC) के माध्यम से पोषण स्तर में सुधार लाना और समुदाय की भागीदारी को बढ़ावा देना है।
पांच प्रमुख विषयों पर होगी गतिविधियां :
पोषण पखवाड़ा के दौरान निम्नलिखित विषयों पर विशेष फोकस रहेगा—
मातृ एवं शिशु पोषण: गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए संतुलित आहार एवं देखभाल पर जोर।
0-3 वर्ष में मस्तिष्क विकास: बच्चों के साथ संवाद, खेल और स्नेह के माध्यम से मानसिक विकास को बढ़ावा।
3-6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल आधारित शिक्षा: सीखने की प्रक्रिया को रोचक और प्रभावी बनाना।
स्क्रीन टाइम में कमी : बच्चों में डिजिटल उपकरणों के उपयोग को सीमित करने पर जोर।
आंगनबाड़ी सशक्तिकरण: सामुदायिक सहयोग से आंगनबाड़ी सेवाओं को मजबूत बनाना।
उपायुक्त ने कहा कि बच्चों के जीवन के पहले छह वर्ष उनके संपूर्ण विकास की नींव रखते हैं, इसलिए इस अवधि में पोषण, देखभाल और शिक्षा पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों और आम जनता से अपील की कि इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर इसे सफल बनाएं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top