























































गिरिडीह में नगरपालिका चुनाव की प्रशासनिक तैयारियां तेज, निर्वाची एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी किए गए नामित
डीजे न्यूज, गिरिडीह :
नगरपालिका आम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त (नगरपालिका) रामनिवास यादव द्वारा गिरिडीह जिले के विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों के लिए महापौर/अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद निर्वाचन हेतु निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी नामित किए गए हैं।
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, नामित निर्वाची पदाधिकारी अपने-अपने नगर निकाय क्षेत्रों में निर्वाचन प्रक्रिया का संपूर्ण संचालन करेंगे, जबकि सहायक निर्वाची पदाधिकारी चुनाव कार्यों में आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि निर्धारित कानूनी प्रावधानों के तहत निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के महापौर चुनाव के लिए अपर समाहर्ता विजय सिंह बीरूआ को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं नगर निगम के विभिन्न वार्ड समूहों के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी एवं अन्य वरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके साथ ही बड़की सरैया नगर पंचायत एवं धनवार नगर पंचायत के अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद चुनाव के लिए भी अलग-अलग निर्वाची एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी नामित किए गए हैं, ताकि नामांकन से लेकर मतगणना तक की प्रक्रिया सुव्यवस्थित तरीके से संचालित की जा सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी नामित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्पक्षता एवं समयबद्ध तरीके से निर्वहन करने का निर्देश दिया है, ताकि नगरपालिका आम चुनाव लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।




