
गिरिडीह में नगरपालिका चुनाव की तैयारी तेज, प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
डीजे न्यूज, गिरिडीह : आगामी नगरपालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में आज समाहरणालय सभागार में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) श्री रंथू महतों की अध्यक्षता में मतदाता सूची विखंडन को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में बड़की सरैया नगर पंचायत, धनवार नगर पंचायत और गिरिडीह नगर निगम के नोडल पदाधिकारी, सहायक नोडल पदाधिकारी, पर्यवेक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश
श्री रंथू महतों ने निर्देश दिया कि मतदाता सूची के विखंडन और संशोधन कार्य को तय समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव के लिए मतदाता सूची का त्रुटि रहित होना आवश्यक है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन कार्य को भी निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही, सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय और सहयोग के साथ चुनावी कार्य को संचालित करने की सलाह दी।
मतदाता सूची पर सतत निगरानी की अपील
श्री महतों ने सभी नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मतदाता सूची के विखंडन कार्य का सतत निरीक्षण करें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके।
इस अवसर पर सभी नोडल पदाधिकारी, सहायक नोडल पदाधिकारी, पर्यवेक्षक एवं सहकर्मी उपस्थित रहे।