गिरिडीह में मिलावटखोरी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन 

Advertisements

गिरिडीह में मिलावटखोरी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन

 

छापेमारी में जुर्माना, नोटिस और 150 किलो चायपत्ती जब्त, 15 किलो मिलावटी हल्दी नष्ट

डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार द्वारा बुधवार को गिरिडीह जिले के बड़ा चौक एवं तिरंगा चौक में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान कई मिठाई, राशन एवं मसाला दुकानों की सघन जांच की गई, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं।

जांच के दौरान मनोज जैन (मसाला दुकान) को बिना फूड लाइसेंस के खाद्य सामग्री बेचते पाए जाने पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही उन्हें 7 दिनों के भीतर लाइसेंस बनवाने एवं दुकान परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने का नोटिस दिया गया।

अजय जैन (मसाला दुकान) की दुकान में खामियां पाए जाने पर उन्हें इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। उन्हें अपने खाद्य प्रतिष्ठान में सुधार करने तथा मिसब्रांडेड सामान की बिक्री नहीं करने का सख्त निर्देश दिया गया।

रिषभ सर्वागी (संपूर्णा टी) की चायपत्ती दुकान में बिना वैध फूड लाइसेंस के कारोबार एवं मिसब्रांडिंग/लेबलिंग के साथ चायपत्ती बेचने का मामला सामने आया। निरीक्षण के दौरान उनके गोदाम से 150 किलो चायपत्ती जब्त की गई। उन्हें निर्देश दिया गया कि वे वैध फूड लाइसेंस नंबर के साथ ही सही तरीके से चायपत्ती की बिक्री करें।

शंकर लाल लहरी के प्रतिष्ठान “लहरी फ्लावर मिल” को भी नोटिस जारी किया गया। उन्हें 7 दिनों के अंदर फूड लाइसेंस बनवाने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा मसालों की पैकेजिंग सही तरीके से करते हुए फूड लाइसेंस नंबर और एक्सपायरी डेट अंकित कर बेचने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान यहां मिलावटी हल्दी पाई गई, जिसका मौके पर रासायनिक परीक्षण किया गया। जांच में हल्दी पाउडर में चंपई रंग एवं पिसा चावल की मिलावट पाई गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा मौके पर ही 15 किलो मिलावटी हल्दी नष्ट कर दी गई और दुकानदार को सख्त चेतावनी दी गई।

इसके अलावा गुड्डू साव और राहुल अग्रवाल के किराना दुकान को बिना फूड लाइसेंस के संचालित होते पाए जाने पर उन्हें भी 7 दिनों के भीतर फूड लाइसेंस बनवाने का नोटिस दिया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में मिलावटखोरी और बिना लाइसेंस के खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने सभी दुकानदारों को नियमों का पालन करने और उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की सख्त हिदायत दी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top