
गिरिडीह में मध्यस्थता से मिलेगा त्वरित न्याय
विशेष अभियान : एक जुलाई से 30 सितंबर तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में पारिवारिक मामलों के समाधान पर जोर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : आम जन को त्वरित और सरल न्याय दिलाने के उद्देश्य से “राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान” की शुरुआत 1 जुलाई से की गई है, जो 30 सितंबर 2025 तक चलेगा। इसी संदर्भ में शुक्रवार को गिरिडीह व्यवहार न्यायालय परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष मार्तण्ड प्रताप मिश्र ने की।
बैठक में सभी न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे और अभियान को प्रभावी ढंग से संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डालसा कर रहा है पहल, आमजन को जोड़ने की अपील
अभियान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली और सुप्रीम कोर्ट मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति (MCPC) के निर्देश पर तथा झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के तत्वावधान में संचालित हो रहा है।
डालसा सचिव मोहम्मद सफदर अली नैयर ने बैठक के दौरान विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य है पारिवारिक और आपसी विवादों का समाधान सुलह और संवाद के माध्यम से करना, जिससे कोर्ट की लंबी प्रक्रियाओं से बचा जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता को इस अभियान से जुड़ना चाहिए ताकि वे अपने लंबित मामलों का समाधान आपसी सहमति से कर सकें और अनावश्यक मुकदमेबाजी से बच सकें।
न्यायिक पदाधिकारियों ने अभियान को बताया उपयोगी
बैठक में शामिल न्यायिक पदाधिकारियों ने अभियान को न्यायिक व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला कदम बताया। साथ ही, सभी ने मिलकर इसे जन-जन तक पहुँचाने और सफल बनाने की प्रतिबद्धता भी जताई।