

गिरिडीह में जनता दरबार : उपायुक्त ने सुनीं समस्याएँ, समाधान का दिया आश्वासन
डीजे न्यूज, गिरिडीह :
जिला प्रशासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को उपायुक्त रामनिवास यादव ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार लगाकर आमजनों की शिकायतें सुनीं।
दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने जमीन विवाद, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेंशन, राशन, शिक्षा एवं अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए। उपायुक्त ने हर आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।
भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर उन्होंने अंचलाधिकारियों को तत्काल समाधान के लिए निर्देशित किया। वहीं लंबित मामलों पर समयबद्ध और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उपायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों से फोन पर अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और लोगों को भरोसा दिलाया कि हर समस्या का प्राथमिकता के साथ निपटारा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनता दरबार आमजन से सीधे संवाद का माध्यम है। इसका उद्देश्य लोगों की वास्तविक समस्याओं को सुनना और उन्हें त्वरित समाधान प्रदान करना है। उन्होंने यह भी बताया कि मंगलवार और शुक्रवार के अलावा भी लोग समाहरणालय आकर अपनी शिकायतें संबंधित विभाग को दे सकते हैं, जिनका त्वरित निराकरण किया जाएगा।
